245 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, इतवारा बाजार में छापा

अमरावती मनपा की बड़ी कार्रवाइ

अमरावती /दि.6 – अमरावती मनपा ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 245 किलोग्राम प्लास्टिक सामग्री जब्त की है. यह कार्रवाई मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक तथा उपायुक्त भाग्यश्री बोरेकर के निर्देश पर की गई.
वैद्यकीय अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव और सहायक आयुक्त नंदकिशोर तिखिले के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया गया. फोन पर मिली गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने इतवारा बाजार स्थित गैरेज लाइन (ट्रांसपोर्ट लाइन) में छापेमारी की. जांच के दौरान सागर गैरेज से प्रतिबंधित प्लास्टिक का बड़ा भंडार बरामद हुआ. मनपा की टीम ने वहां से 8 कट्टों में भरा 245 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया. कार्रवाई में प्लास्टिक प्रतिबंध नोडल अधिकारी ए. के. गोहर, स्वास्थ्य निरीक्षक सचिन सैनी, अतिक्रमण विभाग प्रमुख योगेश कोल्हे तथा अतिक्रमण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे. महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी इसी तरह के सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे.

Back to top button