जन्म-मृत्यु पंजीकरण सात दिनों में पूरा करें, प्रमाणपत्र तुरंत दें

महापौर श्रीचंद तेजवानी संबंधित अधिकारियों को निर्देश

अमरावती/दि.6 – अमरावती मनपा के महापौर श्रीचंद तेजवानी ने बुधवार को स्व. सुदामकाका देशमुख सभागार में जन्म-मृत्यु पंजीकरण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया सात दिनों के भीतर पूरी की जाए तथा प्रमाणपत्रों का तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में महापौर ने विभाग के दैनिक कार्य, लंबित मामलों और नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, जिनकी आवश्यकता सरकारी योजनाओं, शैक्षणिक प्रवेश, उत्तराधिकार, बैंकिंग, बीमा तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में पड़ती है. इसलिए इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय पर सत्यापन कर सात दिनों के भीतर पंजीकरण पूरा किया जाए तथा प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए नागरिकों को कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें. आवेदन में कोई त्रुटि होने पर संबंधित नागरिक को तुरंत सूचित कर उसका निराकरण कराया जाए. महापौर ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र निपटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि कोई भी मामला बिना कारण लंबित न रखा जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तथा नागरिक हितैषी हो.
बैठक में डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन, ऑनलाइन आवेदन प्रणाली और प्रमाणपत्र वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. महापौर ने अधिक से अधिक ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराने, नागरिकों को उचित मार्गदर्शन देने तथा शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. बैठक में विभागीय अधिकारियों ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण की वर्तमान स्थिति, लंबित आवेदन, प्रमाणपत्र वितरण, ऑनलाइन सेवाओं और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की. इस अवसर पर सभागृह नेता चेतन गावंडे, शहर सुधार समिति की सभापति राधा कुरील, राजू कुरील, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त भाग्यश्री बोरेकर, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, वैद्यकीय अधिकारी डॉ. प्रतिभा आत्राम तथा जन्म-मृत्यु विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.

Back to top button