चांदूर बाजार में नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई
मुख्य मार्ग और फुटपाथ कराए गए खाली

चांदूर बाजार/दि.6 – नगर पालिका ने बुधवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए मुख्य मार्गों और फुटपाथों से अवैध अतिक्रमण हटाया. यह कार्रवाई नगर पालिका की मुख्याधिकारी गीता ठाकरे के नेतृत्व में की गई.
अभियान के दौरान नेताजी चौक, गांधी चौक, जयस्तंभ चौक और ताज लाइन परिसर सहित प्रमुख क्षेत्रों में फुटपाथों पर लगी अस्थायी दुकानें और अन्य अतिक्रमण हटाए गए. कार्रवाई में नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया, जबकि कई व्यापारियों ने स्वयं ही अपना सामान और दुकानें हटा लीं. वहीं, जिन दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनका सामान नगर पालिका ने जब्त कर लिया. अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चांदूरबाजार पुलिस भी मौके पर तैनात रही. नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.