बडनेरा शहर के बोदीपुरा में 39 किलो गांजा जब्त
दो आरोपी गिरफ्तार, 7.80 लाख रुपए का माल बरामद

* बडनेरा पुलिस की कार्रवाईे
अमरावती/दि.15– अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बडनेरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोंदणीपुरा क्षेत्र से 39 किलो गांजा जब्त किया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 7 लाख 80 हजार रुपये मूल्य का मादक पदार्थ बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, 14 जून की रात गोपनीये सूचना मिली थी कि गोंदणीपुरा इलाके के एक घर में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है. सूचना के आधार पर बडनेरा पुलिस ने तत्काल छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर से 39 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू बेग यासीन बेग (55), निवासी गोंदणीपुरा, बडनेरा और जाकीर खान रहमत खान (32), निवासी ताजनगर, बडनेरा के रूप में हुई है.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद गांजा उड़ीसा से अमरावती लाया गया था. इसके बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शहर में यह गांजा किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क और तस्करी श्रृंखला की पड़ताल कर रही है. बडनेरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन तथा थानेदार हनमंत उरलागोंडावर के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप हिवाले सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे और अन्य अवैध गतिविधियों से संबंधित किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.





