24 घंटे में शहर की सफाई नहीं हुई तो महापौर के घर के बाहर फेंकेंगे कचरा

बंटी रामटेके और मोहित भोजवानी की चेतावनी

अमरावती/दि.15– शहर में बढ़ती गंदगी और सफाई व्यवस्था को लेकर राजनीतिक दलों के पदाधिकारी अब खुलकर विरोध जताने लगे हैं. शहर की सफाई का जिम्मा संभाल रही कंपनी के कामकाज से नाराज नागरिकों के बीच बढ़ते असंतोष के बीच प्रहार जनशक्ति पार्टी के शहराध्यक्ष बंटी रामटेके और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पदाधिकारी मोहित भोजवानी ने मनपा प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है.
दोनों नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटे में शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और विभिन्न क्षेत्रों में जमा कचरा नहीं हटाया गया, तो वे महापौर श्रीचंद तेजवानी के निवास के बाहर कचरा फेंककर आंदोलन करेंगे. बंटी रामटेके और मोहित भोजवानी का आरोप है कि पिछले कई महीनों से शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. कई बार मनपा प्रशासन को ज्ञापन और निवेदन देने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. शहर के विभिन्न हिस्सों में कचरे के ढेर लगे होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में गंदगी और कचरे के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित एजेंसी गंभीरता नहीं दिखा रही है.
गौरतलब है कि शहर की सफाई व्यवस्था का ठेका एक निजी कंपनी को दिया गया है, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. नगर निगम के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक भी सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं. अब मनपा प्रशासन इस चेतावनी के बाद क्या कदम उठाता है, इस पर शहरवासियों की नजरें टिकी हुई हैं. यदि निर्धारित समय में सुधार नहीं हुआ तो सफाई व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर शहर की राजनीति और जनचर्चा का प्रमुख विषय बन सकता है.

Back to top button