गोपाल नगर एमआईडीसी में 450 क्विंटल अवैध चावल जब्त

दो ट्रक समेत 33 लाख रुपए का माल सील, आरोपी गिरफ्तार

* क्राइम ब्रांच व जिला आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई
अमरावती /दि.31- अमरावती पुलिस ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एमआईडीसी क्षेत्र के गोपाल नगर स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित चावल और धान जब्त किया है. कार्रवाई में करीब 450 क्विंटल अनाज तथा दो ट्रक जब्त किए गए हैं. जब्त माल और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 33 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने मसानगगंज निवासी अमन अनिल श्रीवास (26) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कब्जे में ले लिया है.
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने खाद्य वितरण विभाग के अधिकारियों के साथ गोपाल नगर स्थित गोदाम पर छापा मारा. जांच में सामने आया कि आरोपी अमन श्रीवास ने गोदाम लीज पर लेकर चावल खरीदने और बेचने का कारोबार शुरू कर रखा था. निरीक्षण के दौरान गोदाम नंबर-1 में लगभग 35 से 40 क्विंटल चावल तथा गोदाम नंबर-2 में करीब 72 क्विंटल चावल रखा मिला. परिसर में खड़े दो ट्रकों की तलाशी लेने पर एक ट्रक एमएच-31/एसक्यू-7071 में लगभग 140 क्विंटल धान तथा दूसरे ट्रक एमएच-20/सीपी-1708 में करीब 240 क्विंटल कच्चा धान बरामद हुआ. पूछताछ के दौरान आरोपी अनाज की खरीद-बिक्री से संबंधित बिल, वैध दस्तावेज और एफएसएसएआई पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी स्थानीय बाजार से धान खरीदकर गोदाम में भंडारण करता था और बाद में चावल मिलों को थोक में बेचता था.
पुलिस के अनुसार, रात में कार्रवाई के समय गोदाम सुनसान क्षेत्र में होने के कारण दोनों ट्रकों और पूरे अनाज स्टॉक को मौके पर ही जब्त कर सील कर दिया गया. भारी बारिश के कारण अगले दिन गोदाम की पूरी माप नहीं हो सकी. 31 जुलाई को दोबारा माप कर कुल लगभग 450 क्विंटल अनाज जब्त किए जाने की पुष्टि हुई और इसकी रिपोर्ट राजापेठ थाने में दर्ज की गई. जांच के दौरान चावल के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी सरकारी नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से अनाज का भंडारण और व्यापार कर रहा था. प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि महाराष्ट्र सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के नियमों के अनुसार व्यापारियों और थोक विक्रेताओं को प्रत्येक शुक्रवार सरकारी पोर्टल पर अपने चावल के स्टॉक की जानकारी देना अनिवार्य है, लेकिन आरोपी ने इसका पालन नहीं किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.

Back to top button