अमरावती एयरपोर्ट पर 6 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू

लोगों में मची अफरा-तफरी

अमरावती/दि.5 – बेलोरा स्थित अमरावती विमानतल परिसर में मंगलवार को करीब 6 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि यह अजगर पिछले कई दिनों से परिसर के अलग-अलग हिस्सों में दिखाई दे रहा था, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी.
सूचना मिलते ही वन्यजीव रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया. रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और विशालकाय अजगर को देखने के लिए उत्सुक नजर आए. रेस्क्यू टीम ने बिना किसी नुकसान के अजगर को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया. समय रहते किए गए इस अभियान से संभावित खतरा टल गया और विमानतल परिसर में मौजूद कर्मचारियों व यात्रियों ने राहत की सांस ली. विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें तथा स्वयं उन्हें पकड़ने का प्रयास न करें.

Back to top button