दो दिन से अर्जुन नगर में खडी थी विरल जसापारा की कार

पुलिस मोबाइल से निकाल रही सीडीआर

* परिसर के सीसीटीवी फूटेज खंगालना भी शुरु
* अभी भी पीएम रिपोर्ट मिलना बाकी
अमरावती/दि.5 – दो दिन पूर्व गाडगे नगर थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर परिसर में शहर के प्रॉपर्टी ब्रोकर रहे सुनील जसापारा के बेटे विरल जसापारा (37) का शव बंद कार में बरामद हुआ था. परिसर में यह कार घटना के दो दिन पूर्व यानि 1 अगस्त से खडी थी. इस कारण पुलिस ने मृतक के मोबाइल से सीडीआर निकालकर परिसर के सीसीटीवी फूटेज खंगालना शुरु किया है. पुलिस को मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है.
बता दें कि, 3 अगस्त को सुबह 9 से 10 बजे के दौरान अमरावती शहर के राजापेठ थाना क्षेत्र में आने वाले बूटी प्लॉट निवासी विरल सुनील जसापारा का बंद कार में शव बरामद हुआ था. कार में पानी की बोतलें बडी संख्या में बरामद हुई थी. इस कारण अधिक शराब के सेवन से विरल की मृत्यु होने का अनुमान पुलिस ने लगाया था. लेकिन घटनास्थल पर यह कार 1 अगस्त से खडी थी और मृतक ने घटना प्रकाश में आने के पूर्व घर पर अपनी पत्नी से बातचीत कर घर लौटने की बात कही थी. मृतक विरल घटना के पूर्व 4 दिन से घर से लापता था. इस कारण पुलिस अब उसके मोबाइल का सीडीआर निकाल रही है. साथ ही परिसर के सीसीटीवी फूटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस यह देख रही है कि, घर से लापता होने के बाद विरल जसापारा किन लोगों के संपर्क में था, किससे क्या बात हुई? साथ ही उसके वॉट्सएप और अन्य मैसेज भी देखे जा रहे हैं. अर्जुन नगर में जहां कार 1 अगस्त से खडी थी. वहां विरल के साथ कोई था या वह अकेला था, इस बाबत भी पुलिस जानकारी लेने में जुटी हुई है. बता दें कि, विरल के पिता सुनील जसापारा प्रॉपर्टी ब्रोकर थे. लेकिन उनके निधन के बाद विरल यह व्यवसाय नहीं संभाल सका. वह अपनी पत्नी, बच्चे और मां के साथ बूटी प्लॉट के लोहाणा महाजन वाडी से सटकर स्थित कांचन अपार्टमेंट में रहता था. विरल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी भी गाडगे नगर पुलिस को नहीं मिली है. इस कारण उसकी मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है. मामले की जांच थानेदार गोरखनाथ जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button