कीचन मालिक और खानसामा सहित 6 नामजद
धारणी के टिटंबा का विषबाधा प्रकरण

* पुलिस का सख्त एक्शन
* 69 लडकियों को शनिवार रात हुई थी खाने से विषबाधा
* एसडीपीओ गरुड ने डाला धारणी में डेरा
अमरावती /दि.27- धारणी तहसील अंतर्गत टिटंबा में शनिवार रात 7.30 बजे शासकीय आश्रमशाला में हुई विषबाधा की गंभीर घटना के मामले में पुलिस ने मुख्याध्यापक नीलेश भागवत की शिकायत पर रसोई घर मालिक विजय बोथरे सहित 6 लोगों पर विभिन्न धाराओं और अन्न सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत गुन्हा दाखिल किया है. जिससे समूचे मेलघाट के भागों खलबली मची है. उल्लेखनीय है कि, घटना में 69 लडके-लडकियों की तबीयत भोजन करने के बाद ऐसी बिगड गई थी कि, उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पडा था. अब अधिकांश की दशा ठीक होने की जानकारी देते हुए बताया गया कि, पुलिस शिकायत के बाद एसडीपीओ माधवराव गरुड ने धारणी में डेरा डाल दिया है. संपूर्ण प्रकरण की विस्तृत और सघन जांच हो रही है. कलेक्टर सहित आला अधिकारी इस जांच-पडताल और घटनाक्रम पर निगाह रख रहे हैं.
* यह हुए नामजद
पुलिस ने बताया कि, माध्यमिक आश्रमशाला के एचएम नीलेश भागवत की शिकायत पर पुलिस ने सेंट्रल कीचन मालिक विजय सदाशिव बोथरे, प्रतिनिधि सचिन किसन सातपुते, रसोईयां संदीप सिंह, सहयोगी महेश देसाई, आमेकर सहित 6 आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 125 (ए), 125 (बी), 274 (3) (5) और अन्न सुरक्षा कानून की धारा 59 (2), 59 (3), 56 के तहत अपराध दर्ज किया है. आगे की कार्यवाही चल रही है.
* क्या हुआ था
टिटंबा की आश्रमशाला में शनिवार शाम भोजन करने के बाद 50 लडकियां और 19 लडकों की तबीयत खराब हो गई. उल्टीयां और दस्त के कारण उन्हें पुलिस की सहायता से धारणी उपजिला अस्पताल में भर्ती कराना पडा. अब अधिकांश की तबीयत ठीक है. 66 विद्यार्थियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. केवल एक छात्रा का उपचार मेडिकल ऑफीसर की देखरेख में चलने का दावा कर पुलिस सूत्रों ने बताया कि, बच्चों को अस्पताल में तत्परता से भर्ती करने के काम में भी पुलिस ने काफी सहायता की. उसी प्रकार एक टीम टिटंबा आश्रमशाला और दूसरी टेंबली के सेंट्रल कीचन पर भेजी गई.
* पेयजल, फलफ्रूट, अल्पोहार
पुलिस ने दावा किया कि, विद्यार्थियों के लिए अस्पताल में पुलिस ने शुद्ध पेयजल, फल और अल्पोहार की व्यवस्था भी की गई. उसी प्रकार स्टाफ कम होने से उपजिला अस्पताल से अतिरिक्त स्टाफ भी पुलिस ने पहुंचाया. * बिजुधावडी, सावलीखेडा, सुसर्दा में भी घटना
शनिवार रात की घटना के बाद रविवार को भी विषबाधा तीन घटनाएं बिजुधावडी, सावलीखेडा, सुसर्दा की शासकीय आश्रमशाला में होने की जानकारी पुलिस को मिलते ही फौरन मौके पर जाकर अवलोकन किया. मेडिकल अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि, आश्रमशाला के बच्चे सहीसलामत है. उनकी मेडिकल रिपोर्ट अच्छी आई है. पुलिस ने दावा किया कि, संपूर्ण घटना की विस्तृत और सघन जांच की जा रही है. वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रुप से इस मामले पर ध्यान दे रहे है. स्वयं एसडीपीओ गरुड यहां डेरा डाले हुए हैं.
* पालकमंत्री ने दिए निर्देश
इस बीच खबर है कि, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने आश्रमशाला में हुई विषबाधा की बडी घटना को लेकर संपूर्ण जांच के साथ ही प्रभावित विद्यार्थियों की तबीयत पर ध्यान देने के निर्देश उच्चाधिकारियों को दिए है. जिला परिषद के साथ ही कलेक्ट्रेट भी जांच-पडताल पर निगरानी रखे हुए है. परिस्थिति का बारंबार आकलन किया जा रहा है.





