अमरावती में साकार हुआ 600 मीटर का तिरंगा
गांधी चौक से टांगा पडाव तक पूरा परिसर तिरंगामय

* सफील से लगकर लगाई गई है तिरंगे रंग की लंबी पट्टी
* किले की दीवार पर आकर्षक तिरंगी रोशनाई भी की गई
* 150 फोकस के जरिए पूरा परिसर जगमग
* 25 साउंड बॉक्स के जरिए बज रहे देशभक्तिपूर्ण गीत
अमरावती/दि.14 – 15 अगस्त 1947 को पहले स्वाधीनता दिवस का गवाह रहे अमरावती के जवाहर गेट पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य दिव्य तरीके से स्वाधीनता दिवस मनाने की जबर्दस्त तैयारियां चल रही है. जिसके तहत क्षेत्र के पार्षद व पूर्व महापौर विलास इंगोले तथा कांग्रेस शहराध्यक्ष व पार्षद बबलू शेखावत की अगुवाई एवं देखरेख में गांधी चौक से टांगा पडाव यानी इतवारा बाजार रोड तक पूरे परिसर को तिरंगामय कर दिया गया है. बता दें कि गांधी चौक से टांगा पडाव की दूरी करीब 700 मीटर है और दोनों स्थानों के बीच पुरानी अमरावती के किले की दीवार यानी सफील स्थित है. जिसका सहारा लेते हुए स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में करीब 600 मीटर लंबाई वाली तिरंगापट्टी लगाई गई है. साथ ही किले की दीवार पर लाइटिंग भी की गई है. जिसके चलते शाम ढलते ही यह परिसर तिरंगी रोशनाई से जगमगा उठता है.
बता दें कि 15 अगस्त 1947 को ब्रिटिश राज से आजादी मिलते ही मध्यरात्रि 12 बजे स्थानीय जवाहर गेट पर ध्वजारोहण का मुख्य समारोह आयोजित किया गया था. जिसमें स्वाधीनता सेनानी वीर वामनराव जोशी के हाथों राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा फहराया गया था. यह उस वक्त पूरे अमरावती जिले में आजाद भारत का सबसे पहला ध्वजारोहण समारोह था. तब से लेकर अब तक 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस एवं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में जवाहर गेट पर ध्वजारोहण व ध्वजवंदन समारोह आयोजित करने की परंपरा चली आ रही है. खास बात यह भी है कि जवाहर गेट पर ऐसे समारोह आयोजित करने और ध्वजारोहण करने का अधिकार कांग्रेस शहराध्यक्ष के पास रहने को लेकर स्पष्ट अदालती दिशा निर्देश भी है. जिसके चलते जवाहर गेट पर ध्वजारोहण समारोह का आयोजन शहर कांग्रेस कमेटी तथा कांग्रेस से वास्ता रखनेवाले नेताओं व पदाधिकारियों द्बारा ही किया जाता है. इसका पूरा श्रेय भूतपूर्व नगराध्यक्ष बाबू उमरलालजी केडिया को जाता है.
ज्ञात रहे कि जवाहर गेट का समावेश प्रभाग क्रमांक 14 जवाहर गेट-बुधवारा में होता है. इस प्रभाग पर मजबूत पकड रखनेवाले पूर्व महापौर विलास इंगोले लगातार 7 बार अमरावती मनपा का चुनाव जीतते हुए पार्षद निर्वाचित हो चुके है और इस समय अमरावती मनपा में नेता प्रतिपक्ष भी है. साथ ही साथ इस प्रभाग से कांग्रेस का पूरा चार सदस्यीय पैनल निर्वाचित होने के साथ-साथ एक स्वीकृत पार्षद भी मनपा में नामित है. इसके चलते इस प्रभाग में कांग्रेस के कुल पांच पार्षद है. वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के शहराध्यक्ष पद पर रहनेवाले पार्षद बबलू शेखावत भी एक से अधिक बार मनपा चुनाव में निर्वाचित हुए है और उनके प्रभाग में भी कांग्रेस का पूरा पैनल निर्वाचित हुआ है. ऐसे में कांग्रेस के इन दोनों कर्णधारों द्बारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी जवाहर गेट पर शहर कांग्रेस की ओर से आयोजित किए जानेवाले स्वाधीनता दिवस समारोह को धूमधाम से मनाने के लिए भव्य दिव्य तरीके से तैयारियां की जा रही है.
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि वर्ष 1947 से जवाहर गेट पर चली आ रही ध्वजारोहण समारोह को भव्य दिव्य तरीके से मनाने की श्रृंखला करीब 6 वर्ष पहले शुरू हुई थी. जिसके तहत गांधी चौक से टांगा पडाव तक सडक के एक ओर स्थित सफील को तिरंगामय करने के साथ ही इस परिसर में महान स्वाधीनता सेनानियों के बैनर-पोस्टर लगाने तथा आकर्षक तिरंगी रोशनाई से पूरे परिसर को सजाने का सिलसिला शुरू किया गया. जिसके चलते गांधी चौक से टांगा पडाव तक करीब 700 मीटर यानी 2100 फीट की सडक की बायीं ओर स्थित करीब 600 मीटर यानी 1800 फीट लंबाई वाली सफील से लगकर तिरंगे रंग वाली विशालकाय कनात लगाई जाती है. साथ ही साथ पूरी सफील पर तिरंगे रंग की रोशनाई की जाती है. इसके अलावा गांधी चौक से टांगा पडाव तक करीब 150 फोकस लाइट लगाते हुए पूरे परिसर को जगमग किया जाता है. साथ ही साथ इस पौन किमी वाले परिसर में अलग-अलग जगहों पर 25 साउंड बॉक्स लगाए जाते है. जिन पर सुबह से लेकर रात तक पूरा समय देशभक्तिपूर्ण गीत बजाए जाते हैं. जिसके चलते इस पूरे परिसर में वातावरण तिरंगामय होने के साथ साथ देशभक्ति व राष्ट्रीयता से ओतप्रोत हो जाता है.

इंगोले व शेखावत की जोडी ने आयोजन को पहुंचाया उंचाई पर
जवाहर गेट पर सन 1947 से शुरू हुई ध्वजारोहण समारोह की परंपरा और विरासत को इस समय मनपा के नेता प्रतिपक्ष व पूर्व महापौर विलास इंगोले तथा कांग्रेस शहराध्यक्ष व पार्षद बबलू शेखावत द्बारा आगे बढाया जा रहा है. कांग्रेस के इन दोनों समर्पित सिपाहियों ने जवाहर गेट पर आयोजित होनेवाले स्वाधीनता दिवस समारोह को एक नई उंचाई प्रदान कर दी है. जिसके तहत करीब 700 मीटर लंबी सडक वाले पूरे परिसर को तिरंगामय करते हुए शहरवासियों को देशभक्ति एवं राष्ट्रीयता का संदेश दिया जाता है.

शेख आसीफ ने साकार किया 600 मीटर लंबा तिरंगा
प्रतिवर्ष जवाहर गेट पर स्वाधीनता को लेकर की जानेवाली तैयारियों को पूरा करने का जिम्मा साबनपुरा परिसर निवासी आसीफभाई शामियानेवाले पर रहती है. जिन्होंने हर साल की तरह इस साल भी गांधी चौक से टांगा पडाव की ओर जानेवाली पूरी सडक को तिरंगामय कर दिया है तथा 600 मीटर लंबी तिरंगी कनात लगाने के साथ-साथ सफील को आकर्षक रोशनाई से सजाया है. साथ ही पूरे परिसर में फोकस लाइट व साउंड बॉक्स भी लगाए है. विशेष उल्लेखनीय है कि अ.आसीफ का परिवार विगत 30 वर्षो से मंडप व डेकोरेशन के व्यवसाय में है तथा उनके पिता अ.् खालिक भी जवाहर गेट पर आयोजित होनेवाले स्वाधीनता दिवस समारोह की तैयारियों में अपनी ओर से पूरा सहयोग प्रदान किया करते थे.





