गोपाल नगर में सुतगिरणी के पास 65 वर्षीय बुजूर्ग की हत्या
गोदावरी कालोनी निवासी माणिक बलीराम बोरकर के तौर पर हुई मृतक की पहचान

* देर रात हत्या की वारदात घटित होने का प्राथमिक अनुमान
* आज सुबह शव दिखाई देते ही परिसर में मची सनसनी
* सुचना मिलते ही राजापेठ पुलिस का दल पहुंचा मौके पर
* अज्ञात आरोपी एवं हत्या की वजह को लेकर जांच पडताल शुरू
अमरावती/दि.24- स्थानिय राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाल नगर स्थित सुतगीरनी परिसर में आज सुबह उस समय जबरदस्त सनसनी मच गई, जब सडक किनारे फुटपाथ पर एक 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति का रक्तरंजीत शव पडा बरामद हुआ. जिसे देखते ही यह बात समझ में आ गई कि, उक्त व्यक्ति की रात के समय किसी तेज धारदार हथियार से वार करते हुए हत्या की गई और फिर उसके शव को फुटपाथ पर छोडकर हत्यारोपी वहां से भाग निकला. आज सुबह सडक किनारे शव पडा दिखाई देते ही इसकी सुचना पुलिस को दी गई. जिसके बाद राजापेठ पुलिस के दल ने मौके पर पहुंचकर जांच पडताल शुरू की. जिसके जरिए मृतक की पहचान गोदावरी कालोनी निवासी माणिक बलीराम बोरकर (65) के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात आरोपी ने देर रात किसी समय माणिक बोरकर पर जानलेवा हमला किया. हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस थाना की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. इसके साथ ही फॉरेंसिक जांच और आसपास के क्षेत्र की पड़ताल भी की जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.
प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश, लूटपाट अथवा अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके. राजापेठ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.
इस घटना से गोपाल नगर और आसपास के क्षेत्र में चिंता का माहौल है. नागरिकों ने पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा करने की मांग की है. फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपी की पहचान करने के लिए पुलिस की जांच जारी है.