महापौर व उपमहापौर के चुनाव में युति की जीत तय
भाजपा शहराध्यक्ष नितिन धांडे ने जताया विश्वास

अमरावती/दि.5 – कल होने जा रहे अमरावती के नए महापौर व उपमहापौर पद के चुनाव में युति के तहत भाजपा व युवा स्वाभिमान पार्टी के प्रत्याशियों की जीत पूरी तरह से तय रहने का विश्वास भाजपा शहराध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे द्वारा व्यक्त किया गया. डॉ. धांडे के मुताबिक अमरावती मनपा में सत्ता स्थापित करने हेतु भाजपा ने युवा स्वाभिमान पार्टी व अजीत पवार गुट वाली राकांपा के साथ युति करने का निर्णय लिया है और अब इस युति के पास तीनों दलों के 51 पार्षदों का समर्थन है. जिसे 87 सदस्यीय अमरावती महानगर पालिका में स्पष्ट बहुमत कहा जा सकता है. जिसके बलबूते महापौर के पद पर भाजपा पार्षद श्रीचंद तेजवानी व उपमहापौर के पद पर युवा स्वाभिमान पार्टी के पार्षद सचिन भेंडे की जीत पूरी तरह से सुनिश्चित है. साथ ही तीन दलों का समावेश रहनेवाली युति द्वारा अमरावती मनपा में स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता स्थापित की जा रही है.
भाजपा शहराध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे ने कहा कि, कुछ समय पहले तक राकांपा नेता व विधायक संजय खोडके के युति में शामिल होने को लेकर कुछ हद तक संभ्रम था. लेकिन विगत दिनों सीएम फडणवीस से हुई चर्चा के बाद विधायक खोडके ने अमरावती मनपा में सत्ता स्थापित करने हेतु भाजपा के साथ गठबंधन करने पर हामी भरी और महापौर के पद हेतु भाजपा के प्रत्याशी पार्षद का समर्थन करने का निर्णय भी लिया. साथ ही साथ आज राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के मुलाकात पश्चात विधायक खोडके ने ‘युति धर्म’ के तहत उपमहापौर के पद हेतु प्रत्याशी रहनेवाले वायएसपी पार्षद की दावेदारी का भी समर्थन करने की बात कही है. जिसके चलते अब अमरावती महानगर पालिका में महायुति की सत्ता स्थापित होने की राह में कोई बाधा बाकी नहीं बची है. ऐसे में कल होनेवाले महापौर व उपमहापौर पद के चुनाव में युति के प्रत्याशी पार्षदों की एक तरफा जीत लगभग तय है.





