धामणगांव रेलवे में तहसील स्तरीय जन शिकायत निवारण दिवस संपन्न

अमरावती/दि.6 – पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे की संकल्पना के अनुसार तहसील स्तर पर जनता दरबार आयोजित कर नागरिकों की शिकायतों का प्रभावी समाधान करने के उद्देश्य से पंचायत समिति, धामणगांव रेलवे में हाल ही में जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजिता महापात्र प्रमुख रूप से उपस्थित थीं.
जिला नियोजन समिति की बैठक में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने तहसील स्तर पर शिकायत निवारण बैठकों के आयोजन, नागरिकों की समस्याओं, विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, लंबित प्रस्तावों एवं स्थानीय मुद्दों की समीक्षा के निर्देश दिए थे. उसी के तहत पंचायत समिति धामणगांव रेलवे के सभागृह में प्रथम जन शिकायत निवारण समिति बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान कामनापुर घुसली, बोरगांव धांदे, देवगांव सहित विभिन्न गांवों के नागरिकों से अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं. प्राप्त शिकायतों पर 20 फरवरी तक अंतिम कार्रवाई कर उसका विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को दिए. इस अवसर पर जानकारी दी गई कि आगामी सप्ताह में मोर्शी, धारणी, चिखलदरा तथा अमरावती पंचायत समिति स्तर पर भी जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित किए जाएंगे. इसी दौरान दौरे के क्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजिता महापात्र ने मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान के अंतर्गत कावली एवं ढाकुलगांव गांवों का दौरा कर वहां संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं उपक्रमों का निरीक्षण किया. इस अवसर पर उनके साथ खंड विकास अधिकारी प्रफुल्ल भोरखडे सहित पंचायत समिति स्तर के अधिकारी उपस्थित थे.