महापौर श्रीचंद तेजवानी व उपमहापौर सचिन भेंडे ने संभाला पदभार
अमरावती मनपा में महापौर व उपमहापौर का पदग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न

* पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले व विधायक रवि राणा की रही प्रमुख उपस्थिति
* विधायक प्रताप अडसड, पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल भी रहे मौजूद
अमरावती /दि.10 – अमरावती महानगरपालिका के राजनीतिक एवं प्रशासनिक इतिहास में सोमवार9 फरवरी का दिन विशेष महत्व का रहा. नवनिर्वाचित महापौर श्रीचंद तेजवानी तथा उपमहापौर सचिन भेंडे ने विश्वरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागृह में आयोजित भव्य समारोह में औपचारिक रूप से अपने पद का कार्यभार संभाला. इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य के राजस्व मंत्री एवं अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा विधायक रवि राणा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में विधायक प्रताप अडसड, विधायक राजेश वानखडे, पूर्व पालकमंत्री प्रविण पोटे पाटील, अमरावती महानगरपालिका आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक सहित राजनीतिक, सामाजिक व प्रशासनिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही. उपस्थित मान्यवरों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवनिर्वाचित महापौर व उपमहापौर का अभिनंदन किया. पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अपने संबोधन में कहा कि अमरावती महानगरपालिका शहर के सर्वांगीण विकास का प्रमुख माध्यम है. स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बालकल्याण, जलापूर्ति तथा ठोस कचरा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में ठोस कार्य किए जाने की आवश्यकता है. राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को सशक्त करने के लिए दिए गए अधिकारों और निधियों का प्रभावी उपयोग कर शहर के विकास को नई गति दी जा सकती है. शासन अमरावती के विकास हेतु हरसंभव सहयोग करेगा, ऐसा आश्वासन उन्होंने दिया. विधायक रवि राणा ने कहा कि, शहरवासियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है. नवनिर्वाचित नेतृत्व में यह क्षमता है कि वह नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरे. महानगरपालिका का कार्य अधिक पारदर्शी, गतिशील और जनोन्मुखी बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा. उपमहापौर सचिन भेंडे ने अपने भाषण में नगरसेवकों व नगरसेविकाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में महानगरपालिका को अधिक सक्षम बनाने तथा योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे. महापौर श्रीचंद तेजवानी ने पदभार ग्रहण के बाद कहा कि नागरिकों द्वारा व्यक्त विश्वास और अपेक्षाओं को पूरा करने का वे ईमानदार प्रयास करेंगे. अमरावती शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वास्थ्यपूर्ण बनाने के लिए विशेष अभियानों को प्राथमिकता दी जाएगी. एक सामान्य कार्यकर्ता को महापौर बनने का अवसर देने के लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी, युवा स्वाभिमान पार्टी एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे.





