‘हम महादेव खोरी के भाई है, पहचानते नहीं हो क्या?’ कहते हुए की युवक की हत्या

नांदगांव पेठ में युवक की हत्या का मामला

* तीनों आरोपी 15 तक रिमांड पर
अमरावती /दि.13 – ‘हम महादेव खोरी के भाई है’, ऐसा दहाडते हुए तीनों युवकों ने अंजनगांव सुर्जी के गौरव सुधाकर घोटेकर (34) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. पश्चात आरोपी वहां से भाग गए. लेकिन नांदगांव पेठ डीबी स्क्वॉड के दल ने आरोपियों को कुछ ही मिनटों में दबोच लिया. इस घटना में मृतक गौरव का भाई सौरभ घोटेकर गंभीर रुप से घायल हो गया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को बुधवार की देर रात गिरफ्तार कर गुरुवार को उन्हें न्यायालय में पेश कर 15 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर लिया है.
बता दें कि, अंजनगांव सुर्जी के रहनेवाले गौरव और सौरभ घोटेकर नामक दोनों भाई नांदगांव पेठ एमआईडीसी के रेमंड कंपनी में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बुधवार 11 फरवरी की रात ढाबे पर खाना खाकर मेडिकल से दवाई लेने के बाद दुपहिया वाहन पर सवार होकर नांदगांव पेठ के नमन विहार स्थित घर की तरफ जा रहे थे, तब गाडी का कट लगने से उपजे विवाद के चलते महादेव खोरी में रहनेवाले आदेश रघुनाथ तेलमोरे (25), रोहित संजय तायडे (23) और दीप उर्फ यशोदीप विनायकराव वेलकर (25) नामक युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया. हमले के समय आरोपियों ने दहाडते हुए कहा कि, हमें पहचानते नहीं हो क्या, ‘हम महादेव खोरी के भाई लोग है’ और आदेश तेलमोरे ने चाकू निकालकर गौरव पर सपासप 7 वार कर दिए. इस हमले में गौरव गंभीर रुप से घायल हो गया. उसे बचाने के लिए बडा भाई सौरभ घोटेकर गया तब उस पर भी हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया. पश्चात आरोपी वहां से भाग गए. नांदगांव पेठ पुलिस ने इन फरार आरोपियों की तलाश करने वालकी डैम रोड पर नाकाबंदी कर तीनों आरोपियों को कुछ ही समय में दबोच लिया. गुरुवार 12 फरवरी को उन्हें न्यायालय में पेश कर 15 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर लिया है. मामले की जांच नांदगांव पेठ पुलिस आगे कर रही है.

* इन लोगों ने की कार्रवाई
गौरव घोटेकर की हत्या के बाद नांदगांव पेठ के थानेदार दिनेश दहातोंडे के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक रितेश राऊत, पीएसआई वाकडे, करंडे, हेड कांस्टेबल राजाभाऊ राउत, नीलेश गावनेर, जवान राजीक खान, नीलेश साविकार, अमीत ढोले, वैभव तिखिले, राजा सैयद, विकास साठे, संदीप गावंडे, चालक उमेश भुजाडे और वैभव धुरंधर के दल ने आरोपियों को तत्काल पकडने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Back to top button