अजित पवार की राकांपा में 5 से 6 लोग भाजपा के

पूर्व मंत्री बच्चू कडू का सनसनीखेज दावा

अमरावती /दि.17- प्रहार जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष बच्चू कडू ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के भीतर ही 5 से 6 लोग ऐसे हैं, जो वास्तव में भाजपा के लिए काम कर रहे हैं. उनका आरोप है कि ये नेता सीधे भाजपा में जाने के बजाय पार्टी के अंदर रहकर उसे भीतर से कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं.
पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने कहा कि राष्ट्रवादी में रहकर भाजपा का समर्थन करने वाले कुछ लोग पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं और यह भाजपा की सोची-समझी रणनीति है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा से सावधान रहने की सलाह भी दी. साथ ही बच्चू कडू ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को भी खत्म करने की राजनीति करती है. उन्होंने कहा, भाजपा से न दोस्ती ठीक है और न दुश्मनी, लेकिन हमने दुश्मनी स्वीकार की है. उन्होंने पहले भी भाजपा की तुलना जहरीले सांप से करते हुए कहा था कि वह कभी भी वार कर सकती है.
प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया बच्चू कडू ने सरकार पर आर्थिक नीतियों को लेकर भी हमला बोला एवं 1500 रुपये देकर वोट हासिल करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए दावा किया कि, सरकार द्वारा स्मार्ट मीटर के जरिए जनता से पैसे वसूली का काम किया जा रहा है. इसके अलावा किसानों की कर्जमाफी नहीं होने पर बच्चू कडू ने आंदोलन करने एवं जरूरत पड़ने पर महाराष्ट्र में रेल रोकने की चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गनिमी कावा शैली में आंदोलन किया जाएगा. कडू ने आरोप लगाया कि दवा खरीद के अधिकार मंत्रालय ने अपने पास लेकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताएं हो रही हैं. दिव्यांग कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई. कडू के इन आरोपों के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.

Back to top button