छत्री तालाब परियोजना का काम समय पर और गुणवत्तापूर्ण करें
आयुक्त ने किया निरीक्षण के दौरान संबंधितों को निर्देश

अमरावती/दि.18 – अमरावती महानगरपालिका की आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने मंगलवार 17 फरवरी को शहर के महत्त्वाकांक्षी छत्री तालाब परियोजना का प्रत्यक्ष स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय सीमा के अनुसार चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने तलाव परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण, पादचारी मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, हरित पट्टा, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आयुक्त चांडक ने अधिकारियों को परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने, कार्य की गति बढ़ाने तथा अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश दिए. साथ ही नागरिकों और कामगारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने तथा परिसर को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने परियोजना की नियमित साप्ताहिक समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए. आयुक्त ने बताया कि यह परियोजना शहर के पर्यटन विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित मनोरंजन स्थल उपलब्ध कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. इस अवसर पर आयुक्त ने तालाब परिसर की ऐतिहासिक ‘छत्री’ के सौंदर्यीकरण के लिए विशेष निधि उपलब्ध कराने की भी घोषणा की. साथ ही परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त नरेंद्र वानखडे, उपायुक्त योगेश पिठे, शहर अभियंता रविंद्र पवार, डॉ. अजय जाधव सहित संबंधित अधिकारी, अभियंता, कर्मचारी और ठेकेदार प्रतिनिधि उपस्थित थे. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छत्री तलाव परियोजना शहर के सर्वांगीण विकास के लिए महत्त्वपूर्ण है और इसे समय पर तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए महानगरपालिका पूर्णतः प्रतिबद्ध है.





