भारी-भरकम सिलेंडर से मिलेगी मुक्ति, अब घर-घर पाइप से पहुंचेगी रसोई गैस

तपोवन में बनेगा मुख्य स्टेशन, बडनेरा से अमरावती तक बिछेगी पाइप-लाइन

* यातायात बाधित न हो इसलिए चरणबद्ध तरीके से होगा काम
* सीजीटी प्रोजेक्ट के तहत एसटी बसों को भी मिलेगी सीएनजी सुविधा
अमरावती /दि.20 – पुणे और मुंबई की तर्ज पर अब अमरावती शहर में भी हर घर तक पाइप-लाइन से रसोई गैस पहुंचाने की तैयारी शुरु हो गई है. बडनेरा से अमरावती तक करीब 14 किमी लंबी मुख्य गैस पाइप-लाइन बिछाई जाएगी. यह महत्वकांक्षी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) प्रोजेक्ट अडानी ग्रुप के तहत संचालित किया जा रहा है, जबकि पाइप लाइन बिछाने का ठेका मेक फेब कंपनी को दिया गया है.

* तपोवन में बनेगा मुख्य स्टेशन
इस परियोजना का मुख्य स्टेशन तपोवन क्षेत्र में प्रस्तावित एसटी बस स्टैंड के पास स्थापित किया जाएगा. यहां से शहर के विभिन्न हिस्सों में गैस आपूर्ति के लिए पाइप-लाइन बिछाई जाएगी. साथ ही एसटी बसों के लिए भी सीएनजी गैस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
घर-घर पहुंचने में लगेगा एक वर्ष : कंपनी के अनुसार, बडनेरा से तपोवन तक मुख्य पाइप-लाइन बिछाने का कार्य लगभग चार माह में पूरा किया जाएगा. इसके बाद बस्तियों और कॉलोनियों में घर-घर तक गैस कनेक्शन पहुंचाने के लिए अलग-अलग वितरण पाइप-लाइन डाली जाएगी. शहर के विस्तारित क्षेत्र और यातायात को प्रभावित न करने की योजना के चलते इस कार्य में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है.
पुराने हाईवे के किनारे से बिछेगी लाइन : जानकारी के अनुसार मुख्य पाइप लाइन शहर के पुराने हाईवे के किनारे से बिछाई जाएगी. कंपनी द्वारा पहले से ही अमरावती-अकोला मार्ग पर लोणी टाकली के पास तथा नागपुर मार्ग पर चक्रधर नाम से दो सीएनजी पंप संचालित किये जा रहे है.

* अनुमतियां मिलते ही शुरु होगा कार्य
मेक फेब के व्यवस्थापक महेंद्र पटेल के अनुसार, सीजीडी प्रोजेक्ट के लिए अधिकांश आवश्यक अनुमतियां प्राप्त हो चुकी है. शेष औपचारिकताएं पूरी होते ही संभवत: अगले 15 दिनों में कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा. तपोवन स्टेशन तक पाइप लाइन बिछाने में चार माह और शहर के अन्य क्षेत्रों में घरेलू कनेक्शन देने में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है.

Back to top button