पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला, दो युवक घायल
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के नवसारी चौक की घटना

अमरावती/दि.4- अमरावती शहर में धुलीवंदन के दिन पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. यह घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र के नवसारी चौक में मंगलवार 3 मार्च को सुबह घटित हुई. हमले में घायल युवकों के नाम गडगडेश्वर मंदिर के पास गांधी आश्रम निवासी वेदांत सतीश गवई (27) और सुमित विष्णू राउत (20) हैं.
जानकारी के मुताबिक वेदांत गवई नामक युवक नवसारी चौक में पानी की बोतल लेने के लिए गया तब पुरानी दुश्मनी को लेकर वहां खडे कुछ युवकों ने उसे देखते ही अचानक चाकू से हमला कर दिया. वेदांत पर किए गए हमले के समय सुमित राउत भी उसके साथ मौजूद था. हमलावरों ने वह बीच में आने पर उस पर भी चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस हमले में वेदांत और सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले के बाद आरोपी युवक वहां से भाग गए. अचानक हुए हमले के कारण वहां अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही गाडगे नगर पुलिस स्टेशन के थानेदार गोरखनाथ जाधव अपने दल के साथ तत्काल घटनास्थल आ पहुंचे. उन्होंने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया. घायलों के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी सगर्मी से तलाश शुरू कर दी है. इस घटना के कारण नवसारी चौक में कुछ समय के लिए तनाव निर्माण हो गया था.





