7 को भाजपा का विभागीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर
पोटे कॉलेज के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में होगा आयोजन

* प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की रहेगी उपस्थिति
* मंडलनिहाय कामों की समीक्षा कर 11 सूत्रीय कार्यक्रम दिया जाएगा पार्टी पदाधिकारियों को
अमरावती /दि.4- आगामी 7 मार्च को स्थानीय पी. आर. पोटे पाटिल महाविद्यालय परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में भाजपा का पश्चिम विदर्भस्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है. जिसमें अमरावती संभाग के सभी शहरों व जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ ही मंडलस्तरीय पदाधिकारी व सदस्य भी उपस्थित रहेंगे. यह प्रशिक्षण शिविर 7 मार्च को दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक चलेगा.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक आगामी 7 मार्च को आयोजित होने जा रहे भाजपा के विभागस्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षिण शिविर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण सहित राज्य के राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, भाजपा के अमरावती मनपा चुनाव प्रभारी व विधायक संजय कुटे तथा पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. उपेंद्र कोठीकर सहित भाजपा के अमरावती शहराध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे तथा जिलाध्यक्ष प्रभूदास भिलावेकर व रविराज देशमुख के साथ ही संभाग के सभी शहर व ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रमुख रुप से उपस्थित रहेंगे. इस शिविर के जरिए पार्टी द्वारा मंडल स्तर पर किए जाते कामकाज की समीक्षा करते हुए संभाग के भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को 11 सूत्रीय कार्यक्रम दिया जाएगा. जिस पर अमल करते हुए पार्टी को संगठनात्मक रुप से बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे.





