फॉरेस्ट कॉलोनी परिसर में युवकों ने किया पथराव, पांच घायल

हमले के बाद सभी आरोपी फरार, घायलों पर जिला अस्पताल में उपचार जारी

* रंगपंचमी के दिन नशेडी युवकों ने मचाया आतंक
अमरावती/दि.4 रंगपंचमी के दिन मंगलवार 3 मार्च की रात 9 बजे के दौरान गांजे का सेवन करनेवाले कुछ युवकों ने फ्रेजरपुरा परिसर के फॉरेस्ट कॉलोनी में बेवजह विवाद करते हुए भारी पथराव कर दहशत मचाई. इस हमले में एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए. हमले के बाद सभी युवक वहां से फरार हो गए. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया हैं. जहां उन पर उपचार जारी हैं. घायलों के नाम पंकज नाना पाटिल (45), मनोज पाटिल (60), सविता पाटिल (50), यश पाटिल (30) और सुमित चव्हाण (30) हैं.
जानकारी के मुताबिक फ्रेजरपुरा परिसर के फॉरेस्ट कॉलोनी में रंगपंचमी के दिन मंगलवार 3 मार्च को रात 9 बजे के दौरान कुछ युवक नशे में घुम रहे थे. उनके उत्पात के कारण परिसर के कुछ युवक व महिलाओं ने उन्हें फटकार लगाई. इस बात पर से विवाद होने लगा. विवाद इस कदर बढ गया कि वहां पर नागरिकों की भीड जमा हो गई. तब इन सिरफिरे युवकों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया. इस कारण सभी लोगों में अफरातफरी मच गई. तब इन युवकोंं ने यहीं पर न रूकते हुए लोगों के घर पर पथराव शुरू कर दिया. इस हमले में पंकज नाना पाटिल, मनोज पाटिल, सविता पाटिल, यश पाटिल और सुमित चव्हाण गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां उन पर उपचार जारी है. पश्चात घटनास्थल पर भेंट देकर वहां का जायजा किया. इस घटना से नागरिकों में दहशत व्याप्त हैं. घटना के समय कुछ समय के लिए परिसर में तनाव निर्माण हो गया था. नागरिकों का कहना था कि हमलावर युवक गांजे का सेवन कर हमेशा परिसर में घुमकर उत्पात मचाते है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया है. फ्रेजरपुरा पुलिस समेत क्राईम ब्रांच का दल आरोपियों की तलाश में जूटा हुआ हैं.

Back to top button