अमरावती जिला टेबल टेनिस स्पर्धा के पुरस्कार वितरित

महापौर श्रीचंद तेजवानी व दैनिक अमरावती मंडल के संपादक व पार्षद अनिल अग्रवाल के हाथो हुआ वितरण

* स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करनेवाले खिलाडियों को भी किया सम्मानित
अमरावती / दि. 5 – विश्वप्रसिद्ध श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल के सर्वेसर्वा पद्मश्री प्रभाकरराव वैद्य के आशीर्वाद से संचालित अमरावती जिला टेबल टेनिस संघ द्वारा आयोजित जिला स्तरीय टेबल टेनिस स्पर्धा का पुरस्कार वितरण समारोह 4 मार्च 2026 को विभागीय क्रीड़ा संकुल में उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ.
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष प्रदीप कालेले ने की. मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीचंद तेजवानी , दैनिक अमरावती मंडल व मातृभूमि के मुख्य संपादक अनिल अग्रवाल, शिव सर संगीत परिवार की संचालक एवं गीत गुंजन परिवार की संस्थापक अध्यक्ष सुचिता खुले, पूर्व नगरसेवक व स्टैंडिंग कमेटी सदस्य सचिन रासने सहित अन्य मान्यवर उपस्थित थेे.
कार्यक्रम का प्रास्ताविक जिला संघ की सहसचिव एवं प्रशिक्षक एच. ए. खान ने किया. उन्होंने संघ की गतिविधियों, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और आयोजित स्पर्धा की विस्तृत जानकारी उपस्थित मान्यवरों तथा पालकों को दी. कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का सत्कार रमेश परदेशी, शहजाद खान (छखड एवं लेवल-1 प्रशिक्षक), संजय सस्तकर और क्लब समन्वयक गजानन हांडे द्वारा किया गया. मुख्य अतिथि अनिल अग्रवाल ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि आज देश में क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों की ओर कम ध्यान दिया जाता है, लेकिन अमरावती में टेबल टेनिस के प्रति बच्चों का उत्साह देखकर खुशी होती है. उन्होंने पालकों से बच्चों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया.
महापौर चंद्र तेजवानी ने संघ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि छोटे-छोटे बच्चों में खेल के प्रति जो उत्साह दिखाई दे रहा है वह प्रेरणादायी है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि नियमों के अंतर्गत संभव हुआ तो महापौर टेबल टेनिस कप के आयोजन के लिए वे सहयोग देने को तैयार हैं.सुचिता खुले ने भी संघ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अमरावती में टेबल टेनिस के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की नई फौज तैयार हो रही है और प्रशिक्षकों की मेहनत सराहनीय है. अध्यक्षीय भाषण में प्रदीप कालेले ने संघ की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी मान्यवरों का सहयोग मिलता रहा तो जिले के खिलाड़ी भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे.

* स्पर्धा के विजेता खिलाड़ी
हनिश बोहरा, पार्थ सावळे, ऋषित दाभाडे, वरद राठी, हृदया सोनी, सानवी मोंढे, वल्लभी दमानी, एंजल चावंडे, रियांश बोकाडे और अनाया बुब.
* उपविजेता खिलाड़ी
विठ्ठलेश दमानी, अथर्व उगवेकर, आदित्य अंडे, सिद्धेश तापडिया, स्पंदन विटालकर, मैदानश गोहात्रे, धनश्री काले, वीरा यादव, रेवा देशमुख, दिव्य किरवाले, श्रीजन भट्टड, क्षत्रिय नागे, ध्रुव इंगोले और रियांश निंबोरकर. विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय उपसंचालक क्रीड़ा शेखर पाटील, जिला क्रीड़ा अधिकारी गणेश जाधव, तथा प्रशिक्षक शहजाद खान, संजय सस्तकर और गजानन हांडे को दिया.

Back to top button