सत्तापक्ष ने सराहा, विपक्ष ने की आलोचना

सांसद वानखडे ने बताया निराशाजनक

* महाराष्ट्र के बजट पर प्रतिक्रियाएं
अमरावती/दि.6 – महाराष्ट्र के आज विधान मंडल में प्रस्तुत अर्थसंकल्प पर जिले के सांसद और विधायकों की प्राथमिक प्रतिक्रियाएं प्राप्त हो रही है. जिले के सांसद बलवंत वानखडे ने राज्य की आर्थिक दशा पर चिंता जतायी, तो राष्ट्रवादी के दोनों विधायक संजय खोडके व सुलभा खोडके ने स्वागत किया है. उसी प्रकार सत्ता पक्ष के भाजपा, शिवसेना, राष्ट्रवादी के नेताओं व पदाधिकारियों ने बजट की अनेक घोषणाओं का स्वागत कर अमरावती की तरक्की की डगर सहज होने की बात कही.

* अर्थव्यवस्था की हालत चिंताजनक
कांग्रेस नेता व सांसद बलवंत वानखडे ने कहा कि, महाराष्ट्र की अर्थ व्यवस्था की हालत चिंताजनक है. सरकार ने इसके बाद भी घोषणाओं की बौछार कर दी है. पडोसी राज्य गुजरात का विकास 48 प्रतिशत रहने के बावजूद महाराष्ट्र की विकास दर केवल 43 प्रतिशत होने की बात बलवंत वानखडे ने कही. उन्होंने कहा कि, सरकार ने किसानों के लिए पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी कर्जमाफी योजना की घोषणा की है. किंतु पिछले कुछ वर्षों से किसान संकटों से गुजर रहे है. कृषि और सहयोगी क्षेत्र की विकास दर 9 से घटकर 3.4 प्रतिशत हो गई है. बेमौसम बारिश, फसलों का नुकसान, बाजार की अस्थिरता की वजह से किसान दिक्कतों में है. ऐसी स्थिति में केवल घोषणाओं से काम नहीं होगा. किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता और गारंटी मूल्य की मजबूत व्यवस्था देना आवश्यक है. सांसद वानखडे ने कहा कि, राज्य पर 9.32 लाख करोड का कर्ज है. जिसमें 93 हजार करोड की बढोत्तरी हो गई है. उन्होंने सवाल उठाया कि, इतनी बडी मात्रा में कर्ज बढने पर भी सरकार का आर्थिक नियोजन और अनुशासन कहां है?


* शानदार बजट, सीएम को बधाई
भाजपा नगरसेविका सुरेखा लुंगारे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा विधान मंडल में प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए कहा कि, विकासित महाराष्ट्र 2047 विजन पर लक्ष्य रखते हुए बजट बनाया गया है. लाखों महिलाओं को रोजगार देने वाली लखपति दीदी का व्याप बढाया जाना है. बचत गटों को 300 करोड के कर्ज वितरण का लक्ष्य रखा गया है. महिलाओं को 5 लाख रुपए तक लोन बगैर ब्याज उपलब्ध होगा, यह भी सराहनीय और स्वागतयोग्य रहने की बात सुरेखा लुंगारे ने कही. बीजेपी महिला नेत्री ने कहा कि, उम्मीद मॉल की घोषणा भी स्वागतयोग्य है. महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी की निगरानी सभी शहरों में होगी. खेती किसानी, उद्योग, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य संबंधी सभी घोषणाओं का भी भाजपा नेता लुंगारे ने स्वागत किया. उन्होंने कहा कि, किसान कर्जमाफी का वादा सरकार ने निभाया है. इससे गांव-देहातों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. सहकारी बैंकों को भी आर्थिक रुप से सुदृढ होने का अवसर मिलेगा.
Chetan-Gawande-amravati-mandal
* महाराष्ट्र की प्रगती का महासंकल्प
मनपा नेता सदन चेतन गावंडे ने आज प्रस्तुत बजट को महाराष्ट्र के विकास का महासंकल्प निरुपित किया. उन्होंने कहा कि, किसानों की कर्जमाफी की घोषणा सभी के लिए स्वागतयोग्य है. बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में किया बडा वादा आज पूर्ण कर दिया. चेतन गावंडे ने कहा कि, केवल आंकडों का खेल नहीं, तो आधुनिक मूलभूत सुविधाओं और महारष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत का सुवर्ण संगम यह अर्थसंकल्प है. 7.5 अश्वशक्ति के कृषिपंपों को मुफ्त बिजली देने की योजना कायम रखी गई है. इसके लिए 20 हजार करोड का प्रावधान किया गया है. अमरावती के किसानों को इसका बडा लाभ होगा. भाजपा के युवा नेता गावंडे ने कहा कि, प्रत्यक्ष क्रियान्वयन के लिए भी भरपूर फंड अलॉट किया गया है.


* साहसी और दूरदर्शी कदम का बजट
शहर के युवा उद्यमी एवं उद्योग प्रतिनिधि, डागा समूह के केशव डागा ने महाराष्ट्र के आज प्रस्तुत बजट को साहसी एवं दूरदर्शी कदम वाला बजट बताया. उन्होंने कहा कि, महाराष्ट्र देश की स्टार्टअप राजधानी के रुप में उभर रहा है. 50 बेहतरीन स्टार्टअप्स को बिना टेंडर प्रक्रिया के 25 लाख तक सरकारी प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर दिया जाएगा. नवाचार और युवा उद्यमिता को प्रोत्साहन देने वाला यह ऐतिहासिक निर्णय होने की बात केशव डागा ने कही. युवा उद्यमी ने कहा कि, भारत इनोवेशन रिसर्च स्टार्टअप अलायंस बिरसा और इनवेस्ट महाराष्ट्र जैसे डिजिटल प्लेटफार्म के कदम से राज्य में निवेश, तकनीकी नवाचार और उद्योगों के लिए मजबूत इको सिस्टम तैयार होगा. साथ ही एमएसएमई और सेवा क्षेत्र के लिए अलग से आयुक्तालय की स्थापना, 50 लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य, राज्य की औद्योगिक क्षमता और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने के प्रावधान बजट में है. उन्होंने कहा कि, महत्वाकांक्षी और निर्णायक नीतियां ही महाराष्ट्र को अगले चार वर्षों में एक ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढा सकती है.

pravin-pote-amravati-mandal
* विकसित महाराष्ट्र की दिशा में ठोस कदम
अमरावती के पूर्व पालकमंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण पोटे पाटिल ने कहा कि, आज सदन में प्रस्तुत अर्थसंकल्प से 2047 तक विकसित महाराष्ट्र साकार करने के लिए आवश्यक ठोस कदम उठाये गये हैं. उन्होंने 2 लाख तक किसान कर्जमाफी की घोषणा का स्वागत कर इसे बीजेपी सरकार की वचनपूर्ति निरुपित किया. प्रवीण पोटे ने कहा कि, मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के लिए भरपूर प्रावधान किया गया है. उसी प्रकार महिला वर्ग को उद्योग के लिए 5 लाख तक लोन बगैर ब्याज मिलेगा. इससे भी वे आर्थिक रुप से सक्षम होने की दिशा में अग्रसर होगी. राज्य में 10 स्थानों पर नागरी शहरी विकास प्राधिकरण स्थापित करने के साथ छोटे से छोटे गांव को भी कांक्रीट की सडक से जोडने की महत्वपूर्ण घोषणा की गई है. प्रवीण पोटे ने कहा कि, मूलभूत सुविधा, उद्योग, रोजगार, सृजन, खेती, पर्यटन, खेल, स्मार्ट पोलिसिंग और प्रशासन के आधुनिकीकरण हेतु बजट में स्वागतयोग्य एवं सराहनीय प्रावधान किये गये है.

Back to top button