पालकमंत्री के आदेश के बाद महापौर समेत प्रशासकीय दल नवसारी पहुंचा

नगरसेवक ऋषिकेश देशमुख ने की पांच कर्मचारियोें की मांग

अमरावती/दि.10 – पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के निर्देश के बाद अमरावती नगर निगम प्रशासन सफाई व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गया है. सोमवार सुबह महापौर श्रीचंद तेजवानी के नेतृत्व में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की टीम ने नवसारी वार्ड का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया.
दरअसल, पार्षद ऋषिकेश देशमुख ने नवसारी वार्ड में सफाई कर्मचारियों की कमी और सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने का मुद्दा मनपा की आमसभा में उठाया था. उन्होंने वार्ड के लिए पांच अतिरिक्त स्थायी कर्मचारियों की मांग की थी, जिसमें से फिलहाल तीन कर्मचारियों को उपलब्ध कराया गया है. बताया गया है कि भौगोलिक दृष्टि से सबसे बड़े नवसारी वार्ड में दो मनपा कार्यालय हैं, लेकिन यहां केवल 14 स्थायी सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं. इनमें से भी कई कर्मचारी नियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं, जिसके कारण वार्ड की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है. इस बीच वार्ड में सफाई को लेकर बयानबाजी के कारण विवाद भी खड़ा हो गया था. स्थायी सफाई कर्मचारियों ने पार्षद के कथित बयान का विरोध करते हुए प्रशासन को ज्ञापन देकर नाराजगी जताई और माफी की मांग की थी.
वहीं, पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि स्थायी कर्मचारी अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हैं और आठ घंटे के बजाय केवल दो घंटे ही काम कर रहे हैं, तो ऐसे लापरवाह कर्मचारियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए. मंत्री की इस चेतावनी के बाद मनपा प्रशासन हरकत में आया और नवसारी वार्ड में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया. सोमवार सुबह करीब 6 बजे से सफाई अभियान शुरू किया गया. इस दौरान महापौर श्रीचंद तेजवानी, अपर आयुक्त शिल्पा नाईक, स्वच्छता अधिकारी जाधव, पार्षद ऋषिकेश देशमुख, प्रमोद महल्ले सहित कई अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. निरीक्षण के दौरान वार्ड में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

Back to top button