विकास का संतुलन और सामाजिक समरसता साधने वाला बजट

विधायक संजय खोडके ने विधान परिषद में बजट पर चर्चा करते हुए कहा

मुंबई/अमरावती/दि.11- राज्य विधानसभा के बजट सत्र में वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा करते हुए विधायक डरपक्षरू घहेवज्ञश ने कहा कि यह बजट विकास का संतुलन और सामाजिक समरसता स्थापित करने वाला है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ नई औद्योगिक क्रांति को दिशा देगा.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विकसित महाराष्ट्र 2047 का विजन सामने रखते हुए बजट प्रस्तुत किया है. इसके तहत वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए प्रगतिशील, शाश्वत, सर्वसमावेशक और सुशासन जैसे चार प्रमुख स्तंभ निर्धारित किए गए हैं. खोडके ने बताया कि इन स्तंभों के अंतर्गत कृषि व ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास, समाज कल्याण, जल प्रबंधन, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन, शहर विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग व सेवा क्षेत्र तथा डिजिटल गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जिससे राज्य के संतुलित विकास को गति मिलेगी.
उन्होंने यह भी कहा कि बजट में आधुनिकता और आध्यात्मिकता का संतुलन दिखाई देता है.डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महाड चवदार तालाब सत्याग्रह की शताब्दी वर्ष के अवसर पर वहां बुनियादी सुविधाओं के विकास का प्रारूप तैयार किया गया है.इसके साथ ही महात्मा ज्योतिबा फुले के जन्मस्थान कटगुण (जिला सातारा) में भव्य स्मारक बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है.
खोडके ने बताया कि संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती के अवसर पर तीर्थक्षेत्र सर्किट विकसित करने और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए 75 गांवों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पायलट प्रकल्प शुरू करने की योजना है. उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस द्वारा पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के व्यक्तित्व और योगदान को सम्मान देने के लिए भव्य स्मारक बनाने तथा प्रशासन और नागरी सुविधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के लिए अजित पवार गतिमान नागरी सम्मान पुरस्कार शुरू करने की घोषणा का भी स्वागत किया और इसे उनके विकास कार्यों का उचित गौरव बताया.

Back to top button