पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

आए दिन के झगडों से तंग आकर शराबी पति को उतारा था मौत के घाट

* खारतलेगांव में हुई थी हत्या की वारदात, वलगांव पुलिस ने लिया हिरासत में
अमरावती/दि.12 – वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत खारतलेगांव में रहनेवाले मंगेश देवीदास गोटे (42) को सिर पर किसी भारी वस्तू से वार कर मौत के घाट उतार दिए जाने के मामले में वलगांव पुलिस ने मंगेश की पत्नी छाया गोटे को अपनी हिरासत में लिया है. जिसे अदालत में पेश करने के साथ ही पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड में दिए जाने की मांग भी की गई है.
इस संदर्भ में पुलिस सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मंगेश के परिवार में 33 वर्षीय पत्नी के साथ ही 13 साल की बेटी व 8 साल का बेटा भी है. मंगेश की पत्नी ही मेहनत मजदूरी के काम करते हुए अपना और अपने परिवार का भरणपोषण करती थी. वहीं मंगेश गोटे दिनभर शराब पीकर पडा रहता था. साथ ही अपनी पत्नी से छोटी-छोटी बातों को लेकर झगडा भी किया करता था. गत रोज भी मंगेश ने शराब के नशे में धूत होकर अपने घर में हंगामा करना शुरु किया और मामला मारपीट तक जा पहुंचा. इसी दौरान मंगेश की पत्नी ने तैश में आकर उसके सिर पर किसी भारी वस्तू से जोरदार प्रहार किया. इसके चलते सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से मंगेश गोटे की मौके पर ही मौत हो गई. जिसके बाद घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची वलगांव पुलिस की टीम ने छाया गोटे को उसके ही पति मंगेश गोटे की हत्या के मामले में नामजद करते हुए गिरफ्तार किया. पुलिस द्वारा छाया गोटे से पूछताछ करते हुए मामले की जांच-पडताल की जा रही है.

Back to top button