शहानूर नहर में बिजली का झटका लगने से युवक की मृत्यु

मोटरपंप लगाकर घर के निर्माण कार्य पर पानी मारने का प्रयास पडा महंगा

* पथ्रोट थाना क्षेत्र के वाघडोह ग्राम की घटना
पथ्रोट/दि.20 – अचलपुर तहसील के वाघडोह गांव में बुधवार 18 मार्च को दोपहर में एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की करंट लगने से मृत्यु हो गई. मृतक युवक का नाम आनंद श्रीराम राजने हैं. घटना के बाद पोस्टमार्टम को लेकर परिजन और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति निर्माण हो गई थी.
जानकारी के मुताबिक शहानूर बांध से निकली नहर गांव की सीमा से होकर गुजरती हैं. आनंद अपने घर के निर्माण कार्य के लिए नहर से पानी भरने गया था. इस दौरान उसने मोटरपंप लगाया, लेकिन पंप ठिक से काम नहीं कर रहा था. इसे ठिक करने के लिए वह नहर में उतरा. इसी दौरान मोटरपंप फिसलकर पानी में गिर गई. जिससे पानी में करंट फैल गया और आनंद को जोरदार झटका लगा. करंट लगते ही वह नहर में गिर पडा. स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बाहर निकालकर पथ्रोट स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया.

* पीएम को लेकर हंगामा
डॉक्टरों द्बारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की सूचना पुलिस को दी गई. लेकिन मृतक के साथ आए लोग शव को गांव ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मृतक के घर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. इस दौरान मृतक की मां ने पोस्टमार्टम का कडा विरोध किया और जोर-जोर से रोते हुए एंबुलंस के सामने लेट गई. स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया.

* पुलिस सुरक्षा में भेजा गया शव
रात करीब 9 बजे पुलिस सुरक्षा में शव को पथ्रोट स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. वहां भी विरोध जारी रहा. लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अचलपुर उपजिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की मां को निजी वाहन से घर भेजा गया. घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बडी संख्या में ग्रामीणों की भीड जमा हो गई थी. पुलिस ने समय रहते हालात को संभाल लिया. जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.

Back to top button