मूर्ति की चांदी की छत्री, कलश चुरानेवाला गिरफ्तार
2.25 लाख रुपए का माल जब्त, मोर्शी पुलिस की कार्रवाई

मोर्शी/दि.20 – छोटा आर्वी के गजानन महाराज मंदिर की मूर्ति पर से चांदी की छत्री और कलश चुराकर ले जानेवाले शातिर चोर को मोर्शी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैे. उसके पास से 2 लाख 25 हजार रुपए का माल जब्त किया गया हैं. चोरी की यह घटना मंगलवार की देर रात घटित हुई थी.
मोर्शी पुलिस का दल पेट्रोलिंग कर रहा था तब गोपनीय जानकारी मिली कि वरूड तहसील के पांढरघाटी निवासी गोपाल मोहन युवनाते (42) यह शहर में रात के समय संदिग्ध अवस्था में घुम रहा है. इस जानकारी के आधार पर संबंधित से पूछताछ कर उसके पास की थैली की तलाशी ली गई तब उसमें चांदी की छत्री और कलश बरामद हुआ. इस आरोपी से पूछताछ करने पर उसने पहले टालमटोल जवाब दिए. इस कारण पुलिस ने उसे कब्जे में लिया और उसके पास से 750 ग्राम चांदी की छत्री और कलश जब्त कर उसके खिलाफ धारा 124 के तहत मामला दर्ज किया गया. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत, उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष खांडेकर के मार्गदर्शन में थानेदार राहुल आठवले के नेतृत्व में की गई.
* चोरी आर्वी में, आरोपी मोर्शी में पकडा
मोर्शी पुलिस द्बारा जब्त की गई चांदी की छत्री और कलश बाबत जांच करने पर वर्धा जिले के आष्टी थाने में मामला दर्ज पाया गया. छोटा आर्वी के गजानन महाराज मंदिर में यह चोरी होने की बात उजागर हुई. इस कारण आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए आष्टी पुलिस के कब्जे में दे दिया गया हैं.





