अस्मिता विद्यालय व विद्यामंदिर की स्वच्छता रैली
अभियान में विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

* महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री जयंती पर जनजागृति
* सरकारी बालगृह परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान
अमरावती/दि.2– महात्मा गांधी जयंती एवं लालबहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर पन्नालाल नगर स्थित अस्मिता विद्यालय एवं अस्मिता विद्यामंदिर की ओर से स्वच्छता के प्रति जनजागृति के उद्देश्य से स्वच्छता रैली और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभाग लेकर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया.
स्वच्छता रैली में विद्यार्थियों ने स्वच्छता संबंधी जनजागृति के नारे लगाते हुए नागरिकों से परिसर स्वच्छ रखने की अपील की. इस दौरान अथर्व धाडस ने संत गाडगेबाबा, जबकि कपिल मोहोड़ ने महात्मा गांधी की वेशभूषा धारण की. दोनों की वेशभूषा रैली में विशेष आकर्षण का केंद्र रही. रैली के बाद महिला एवं बाल विकास आयुक्तालय, महाराष्ट्र राज्य, पुणे के अंतर्गत संचालित अधीक्षक, शासकीय मुलांचे कनिष्ठ बालगृह के परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया. विद्यार्थियों के साथ शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी अभियान में सक्रिय सहभाग लेकर परिसर की सफाई की. कार्यक्रम की अध्यक्षता जया आमले ने की, जबकि विद्या कुदरे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थीं. इस अवसर पर स्वच्छता कर्मचारी सतीश जी. गवई का विशेष सत्कार किया गया. स्वच्छता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उनका गौरव किया गया.
कार्यक्रम के दौरान संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए. विद्यार्थियों ने स्वच्छ परिसर, निरोगी जीवन और सुंदर समाज की भावना के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया. कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सुमेध वानखेडे ने किया. आयोजन की सफलता के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने सहयोग दिया. इस उपक्रम की अस्मिता शिक्षण मंडल के संस्थापक मुरलीधरराव भोंडे, सचिव प्रा. डॉ. मुकुल भोंडे, उपाध्यक्ष प्रभाकरराव बनसोड, सहसचिव ज्ञानेश्वरराव पाटील, कोषाध्यक्ष प्रा. डॉ. श्रीकृष्ण सावरकर, कार्यकारिणी सदस्य प्रा. शशिकांत येवतकर तथा अध्यक्षा एवं प्राचार्य डॉ. मीनल भोंडे ने सराहना की. उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का अभिनंदन करते हुए शुभकामनाएं दीं.





