बडनेरा में 5 ग्राम एमडी के साथ दो गिरफ्तार

एंटी नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई

* 36 हजार रुपये से अधिक का माल जब्त
* ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
अमरावती/दि.2- शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स विभाग ने बडनेरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 5 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 36 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स विभाग की टीम को बडनेरा थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स की अवैध बिक्री के संबंध में सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चर्च रोड परिसर में शाम करीब 5 बजे कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एजाज खान जावेद खान और हुजैफ खान अनवर खान, दोनों निवासी अमरावती, को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान एजाज खान के पास से 2 ग्राम एमडी, जबकि हुजैफ खान के पास से 3 ग्राम एमडी बरामद हुआ. इस तरह दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 5 ग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया.
* ड्रग्स कहां से खरीदा, किसे करते थे सप्लाई?
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस मामले की आगे की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने एमडी ड्रग्स किस व्यक्ति से खरीदा था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जा रही थी. पुलिस आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों, संभावित ड्रग्स सप्लायर और खरीद-बिक्री के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है. जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है.
* फॉरेंसिक टीम ने किया पंचनामा
पुलिस कार्रवाई के दौरान बरामद नशीले पदार्थ की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम की मौजूदगी में जब्त माल का पंचनामा किया गया और कार्रवाई से संबंधित आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए. बाद में दोनों आरोपियों को बडनेरा पुलिस के हवाले किया गया. मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है. पुलिस एमडी के स्रोत और संभावित खरीदारों तक पहुंचने के लिए आगे की जांच कर रही है.

Back to top button