जब शहर के प्रथम नागरिक ने संभाली ‘मंडल’ की कमान

महापौर श्रीचंद तेजवानी बने ‘गेस्ट एडिटर’

* अतिथि संपादक के तौर पर अखबार के संपादन व प्रकाशन का संभाला जिम्मा
* दिनभर के दौरान पत्रकारिता की तमाम बारिकियां देखी व समझी
* खबरों का संपादन व पेजीनेशन करने के साथ ही दो अधिकारियों के लिए साक्षात्कार
* मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा व पुलिस आयुक्त राकेश ओला से शहर की समस्याओं को लेकर की बातचीत
* ‘मंडल’ की पहल को बेहतरीन तथा अपने दिनभर के अनुभवों को बताया शानदार
अमरावती /दि.20- हमेशा ही लीक से हटकर कुछ नया करने और नई परंपराओं को स्थापित करते हुए समाजहित में पत्रकारिता को नया आयाम देने की सोच रखनेवाले दैनिक ‘अमरावती मंडल’, दैनिक ‘आपली मातृभूमि’ तथा ‘मंडल न्यूज’ के संपादक अनिल अग्रवाल की संकल्पना के तहत गत रोज शहर के प्रथम नागरिक व महापौर श्रीचंद तेजवानी ने मंडल समूह के दोनों अखबारों व यूट्यूब चैनल की जिम्मेदारी अतिथि संपादक यानि ‘गेस्ट एडिटर’ के तौर पर संभाली. इस दौरान उन्होंने खबरों के संकलन से लेकर अखबार के संपादन व प्रकाशन संबंधित कामों की जिम्मेदारी को संभालने के साथ-साथ अतिथि संपादक के तौर पर दिनभर के दौरान पत्रकारिता की तमाम बारिकियां देखी व समझी. साथ ही साथ खबरों के संपादन पश्चात उनका पेजीनेशन करवाते हुए महापौर श्रीचंद तेजवानी ने संपादक के तौर पर शहर के दो वरिष्ठ अधिकारियों के साक्षात्कार भी लिए. जिसके तहत उन्होंने मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा व पुलिस आयुक्त राकेश ओला से शहर की समस्याओं को लेकर बातचीत की और उन समस्याओं के समाधान को लेकर दोनों जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल पर सवाल करते हुए उनके महकमों द्वारा किए जा रहे उपायों व प्रयासों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की. पूरा दिन खापर्डे बगीचा परिसर स्थित ‘मंडल’ मुख्यालय में बिताने के उपरांत महापौर श्रीचंद तेजवानी ने ‘मंडल’ की इस पहल की जबरदस्त सराहना करते हुए अपने दिनभर के अनुभवों को शानदार बताया तथा कहा कि, गुढीपाडवा व चेट्रीचंड्र जैसे पर्व के मौके पर उनका पूरा दिन बेहद शानदार रहा तथा हिंदू नववर्ष के पहले दिन की उनकी शुरुआत भी बेहद जबरदस्त व यादगार रही. जिसके उपरांत दिनभर अपने साथी व सहयोगी रही ‘मंडल’ की टीम से महापौर श्रीचंद तेजवानी ने विदा ली तथा दिनभर के दौरान दिए गए सहयोग व अनुभव के लिए ‘मंडल’ प्रबंधन एवं दोनों अखबारों व न्यूज पोर्टल सहित यूट्यूब चैनल की टीम के प्रति आभार भी ज्ञापित किया.
गत रोज अतिथि संपादक के तौर पर महापौर श्रीचंद तेजवानी का ‘मंडल’ कार्यालय में आगमन होते ही दैनिक ‘अमरावती मंडल’, दैनिक ‘आपली मातृभूमि’ व ‘मंडल न्यूज’ के प्रबंध संपादक अनिल अग्रवाल ने उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा उन्हें अपनी कुर्सी पर सम्मानपूर्वक आसिन कराने के साथ ही उन्हें अपना पदभार सौंपा. इस अवसर पर पूर्व महापौर चेतन गावंडे का भी सम्मान किया गया. जिसके उपरांत महापौर श्रीचंद तेजवानी ने संपादकीय कक्ष में बैठकर अखबार निर्माण की पूरी प्रक्रिया को समझा. उन्होंने उपसंपादक चंद्रप्रकाश दुबे से प्रमुख समाचारों और मुख्य सामग्री की जानकारी ली. इसके बाद संपादकीय प्रक्रिया को विस्तार से समझते हुए टीम के अन्य सदस्यों से परिचय प्राप्त किया. गेस्ट एडिटर के रूप में महापौर तेजवानी ने पेजिंग, डिजाइनिंग, न्यूज इनपुट, न्यूज एजेंसी, विज्ञापन प्रबंधन और वितरण जैसी सभी तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और अपने विचार भी साझा किए.
इस अवसर पर व्यवस्थापकीय संपादक राजेश अग्रवाल ने उन्हें मंडल मीडिया हाउस की स्थापना से लेकर अब तक के विकास यात्रा की जानकारी दी. वहीं संपादकीय विभाग के लक्ष्मीकांत खंडेलवाल और संजय पंड्या ने दैनिक समाचार निर्माण की कार्यप्रणाली से अवगत कराया. संपादकीय विभाग का अनुभव लेने के बाद महापौर ने मंडल न्यूज के स्टूडियो का दौरा किया. स्टूडियो की कार्यप्रणाली को लेकर उन्होंने विशेष उत्सुकता दिखाई. इसी स्टूडियो से महानगरपालिका चुनाव परिणामों का विश्लेषण करने वाला लोकप्रिय लाइव कार्यक्रम प्रसारित किया गया था, जिसे लाखों दर्शकों ने देखा था.
उल्लेखनीय है कि, मंडल न्यूज द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के मान्यवरों के इंटरव्यू भी इसी स्टूडियो में रिकॉर्ड किए जाते हैं. ऐसे में कई पॉडकास्ट देखने के बाद महापौर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज वे स्वयं भी इंटरव्यू लेंगे. जिसके चलते गेस्ट एडिटर के रूप में महापौर तेजवानी ने मंडल मीडिया हाउस के मुख्य संपादक तथा मनपा के स्वीकृत पार्षद अनिल अग्रवाल का इंटरव्यू लिया.
इसके साथ ही महापौर श्रीचंद तेजवानी ने पुलिस आयुक्त नवीन (राकेश) ओला से फोन पर संपर्क कर शहर की शांति, कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर सवाल पूछे. पुलिस आयुक्त के लिए भी यह अनुभव अनोखा रहा. उन्होंने सहजता से संवाद करते हुए एक वरिष्ठ संपादक की तरह महापौर के सवालों के जवाब दिए. यह बातचीत जहां सरल थी, वहीं प्रशासनिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही. साथ ही साथ महापौर श्रीचंद तेजवानी ने नगर निगम आयुक्त सोनिया शर्मा से भी फोन पर चर्चा की. जिन्होंने महापौर श्रीचंद तेजवानी के ‘संपादक’ बनने की जानकारी मिलते ही उत्साहपूर्वक प्रतिक्रिया दी. इस दौरान महापौर श्रीचंद तेजवानी ने एक अनुभवी संपादक की तरह सटीक और धारदार सवाल किए, जिनका मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा ने भी उतनी ही तत्परता से जवाब दिया. यह संवाद बेहद रोचक और प्रभावशाली रहा.
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने इस अनुभव को अत्यंत ज्ञानवर्धक और आनंददायी बताया. उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का एक सशक्त स्तंभ है और इसकी कार्यप्रणाली को करीब से समझना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण अनुभव रहा. मंडल मीडिया हाउस की यह पहल न केवल अभिनव है, बल्कि समाज और मीडिया के बीच संवाद को मजबूत करने वाली भी है. ‘गेस्ट एडिटर’ जैसी संकल्पना से जनप्रतिनिधियों को मीडिया की जिम्मेदारियों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलता है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होती है.

Back to top button