मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना के तहत विदर्भ का पहला 33 केवी उपकेंद्र शुरू

किसानों को दिन में मिलेगी भरोसेमंद बिजली, 5 हजार उपभोक्ताओं को लाभ

अमरावती/दि.25 – राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0 के तहत विदर्भ क्षेत्र का पहला 33 केवी उपकेंद्र पुसद तहसील के जाम बाजार में शुरू कर दिया गया है. इस उपकेंद्र के चालू होने से क्षेत्र के किसानों को अब दिन के समय नियमित और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति मिल सकेगी.
उपकेंद्र के शुभारंभ के अवसर पर अधीक्षक अभियंता दीपाली माडेलवार, कार्यकारी अभियंता जनार्धन चव्हाण, शशांक पोंक्षे, उपकार्यकारी अभियंता सुहास मेश्राम और प्रविण गवळी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. सरकार द्वारा किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना पूरे राज्य में लागू की जा रही है. इसके तहत महावितरण द्वारा 33 केवी उपकेंद्रों के आसपास विकेंद्रीकृत सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित कर बिजली उत्पादन किया जा रहा है, साथ ही नए उपकेंद्र भी बनाए जा रहे हैं.
मुख्य अभियंता अशोक सालुंके के मार्गदर्शन तथा अधीक्षक अभियंता प्रविण दरोली, दीपक देवहाते और दीपाली माडेलवार के नेतृत्व में इस योजना को क्षेत्र में तेजी से लागू किया जा रहा है. परिमंडल के लगभग 2 लाख 80 हजार किसानों में से करीब 70 प्रतिशत किसानों को इस योजना के माध्यम से दिन में बिजली मिलने लगी है. जाम बाजार स्थित यह उपकेंद्र 10 एमवीए क्षमता का है, जिससे 11 केवी के कुल 6 फीडर शुरू किए गए हैं. इनमें जाम बाजार, पारवा और वानवारला क्षेत्रों के लिए 3 कृषि और 3 गांव फीडर शामिल हैं. इस उपकेंद्र से लगभग 5 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा, जिसमें 2,450 किसान, 2,200 घरेलू, 278 व्यावसायिक और 53 औद्योगिक उपभोक्ता शामिल हैं. इस पहल से किसानों के लिए खेती के काम आसान होंगे, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है.

Back to top button