सक्करसाथ के भंडारी के साथ फ्रॉड
लोन दिलाने के नाम पर 14 लाख ठगे

* खुद को बताया मशहूर कंपनी का प्रतिनिधि
अमरावती/दि.26 – मशहूर फाइनांस कंपनी का प्रतिनिधि बताकर कॉलर ने सक्करसाथ के प्रसिद्ध कारोबारी सुधीर भंडारी के साथ 14 लाख रुपए का ऑनलाइन धोखा किया. भंडारी ने बुधवार को इस संबंध में साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और सूचना व तकनीकी कानून के तहत अपराध दर्ज कर 67 साल के व्यापारी के साथ हुए फ्रॉड के आरोपियों की खोजबीन शुरु कर दी है.
शिकायत के अनुसार आदित्य बिरला कंपनी से उपरोक्त व्यापारी ने वर्षों पहले लोन लिया था. वह बराबर भुगतान भी कर दिया. ऐसे में हाल ही में उन्हें स्वयं को आदित्य बिरला कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए 30 लाख रुपए लोन दिलाने का झांसा कॉलर ने दिया. उसने लगातार उक्त व्यापारी से संपर्क कर आवश्यक कागजात वॉट्सएप से मंगवाये. फिर फीस के नाम पर 75 हजार रुपए एक अकाउंट में जमा करवाये.
कॉलर इतने पर ही नहीं रुका. उसने लोन दिलाने के लिए अधिकारियों को पैसे देने पडेंगे, ऐसा कहकर यह भी दावा किया कि, भंडारी को 30 लाख का लोन फाइनल स्टेज में है. पैसे भेजने कहा. आरोपी के बतायेनुसार भंडारी ने अलग-अलग खातों में 13 लाख 87 हजार 700 रुपए जमा करवाये. फिर कोई लोन आदि भंडारी को नहीं मिला. भंडारी ने काफी कोशिश की. किंतु फ्रॉड कॉलर का संपर्क नहीं हो पाया. तब साइबर थाने की राह लेकर रिपोर्ट लिखाई गई.





