जिला सहकारी बैंक के 71 हजार किसान साबित हुए बकायादार

बकायदारों से वसूली हेतु कोई वसूली अभियान नहीं

* केवल नियमित कर्जदार ही कर रहे कर्ज की अदायगी
अमरावती /दि.28 – स्थानीय जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक का विगत कुछ वर्षों से करीब 71 हजार 655 किसानों की तरफ कर्ज बकाया है. इस समय मार्च महिना शुरु रहने के बावजूद बैंक की अपने बकायादारों से वसूली हेतु कोई मुहिम नहीं चल रही. वहीं नियमित कर्ज अदा करनेवाले कर्जधारकों की संख्या 26 हजार 927 है. जिनके द्वारा कर्ज की अदायगी करने के साथ-साथ खुद पर रहनेवाले बकाया की भी नियमित अदायगी की जा रही है. यह जानकारी जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष अभिजीत ढेपे द्वारा गत रोज मीडिया को दी गई.
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया गया कि, अमरावती जिलेभर में जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की कुल 94 शाखाएं है. जिला सहकारी बैंक के मार्फत किसानों को प्रतिवर्ष खेती-किसानी के लिए कर्ज की आपूर्ति की जाती है. जिसके चलते बैंक ने अब तक 14 तहसीलों में बैंक के खाताधारक रहनेवाले पात्र किसानों को कृषि कर्ज का वितरण किया है. जिसके तहत बैंक ने 71 हजार 655 किसानों को करीब 443 करोड 27 लाख रुपयों का कर्ज वितरित किया है. जिसके ब्याज की रकम ही 257 करोड 53 लाख रुपयों के आसपास जा पहुंची है. ऐसे बकायदार किसानों की सूची को जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक ने अपने वेब पोर्टल पर अपलोड किया है. इसी बीच राज्य सरकार ने किसानों को आगामी 30 जून तक कर्जमाफी देने का आश्वासन दिया है. परंतु सरकार द्वारा अब तक कर्जमाफी की नीति को लेकर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है. ऐसे में बकायदार रहनेवाले कर्जधारक किसानों से मार्च महिना जारी रहने के बावजूद बकाया कर्ज की वसूली हेतु बैंक के मार्फत कोई अभियान नहीं चलाया जा रहा. हालांकि जिन कर्जधारकों द्वारा नियमित रुप से अपने बकाया कर्ज की अदायगी की जाती है, वे अब भी अपने बकाया कर्ज की रकम को जिला बैंक की विविध शाखाओं में जमा करवा रहे है, ऐसी जानकारी भी जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष अभिजीत ढेपे द्वारा दी गई है.

Back to top button