भानखेडा के जंगल में युवती से सामूहिक दुष्कर्म

दुपहिया पर जा रहे युवक-युवती को रोककर अंजाम दी गई दुस्साहसी वारदात

* 5 युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, युवक को बांधकर पीटा, युवती की इज्जत लूटी
* सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया, वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी
* फ्रेजरपुरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को लिया हिरासत में, आज अदालत में हुई पेशी
अमरावती /दि.30 – स्थानीय फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत भानखेडा फाटे के निकट स्थित जंगल परिसर से शनिवार की शाम अपने एक दोस्त के साथ दुपहिया वाहन पर सवार होकर गुजर रही युवती के साथ 5 लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की सनसनीखेज घटना गत रोज उजागर हुई. जिसे लेकर पता चला कि, जंगल परिसर से गुजर रहे उक्त युवक-युवती के दुपहिया वाहन को जंगल में पहले से मौजूद 5 लोगों ने बीच रास्ते में जबरन रुकवाया. इस समय जहां युवक के साथ पांचों लोगों ने जमकर मारपीट की. वहीं उसके साथ मौजूद 18 वर्षीय युवती को घसीटकर घने जंगल में ले जाते हुए पांच लोगों में से एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. साथ ही साथ अन्य आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना की अपने मोबाइल पर वीडियो शूटिंग भी करते हुए इस बारे में किसी को भी कुछ भी बताने पर वीडियो को वायरल कर देने की धमकी भी दी. शनिवार की शाम घटित हुई इस घटना के बाद जैसे-तैसे अपने घर वापिस लौटे उक्त युवक व युवती ने रविवार को फ्रेजरपुरा पुलिस थाने पहुंचते हुए अपने साथ घटित पूरा वाकया बताया और अपनी शिकायत भी दर्ज कराई. जिसके तुरंत बाद हरकत में आते हुए फ्रेजरपुरा पुलिस के दल ने रविवार की दोपहर तक इस घिनौने कृत्य को अंजाम देनेवाले पांचों आरोपियों को धर दबोचा. जिनसे मामले को लेकर बेहद कडाई के साथ पूछताछ की जा रही है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक विगत शनिवार 28 मार्च को शाम के समय 18 वर्षीय युवती अपने समवयस्क दोस्त के साथ मोपेड पर सवार होकर घूमने-फिरने के लिए चांदुर रेलवे रोड की तरफ गई थी. जहां से रात 8 बजे के आसपास वापिस लौटते समय भानखेडा फाटे के निकट 25 से 46 वर्षी आयु गुट वाले कुछ लोगों ने उन्हें रुकवाया और फिर उन्हें अपने साथ जबरन जंगल के भीतर ले गए. जहां पर पैसों की मांग करते हुए युवक के साथ जमकर मारपीट की गई और उसे बांध दिया गया. इस समय पीडिता ने अपनी पर्स में रखे 120 रुपए देते हुए हाथ जोडकर आरोपियों से खुद को जाने देने के लिए कहा. लेकिन 5 में से एक आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए उससे जबरन दुराचार किया. इस समय एक अन्य आरोपी ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल में वीडियो चित्रिकरण किया और इस बारे में किसी से भी कुछ भी कहने या पुलिस में शिकायत देने पर वीडियो क्लीप को वायरल कर देने की धमकी दी. पश्चात आरोपियों ने उक्त युवक-युवती को उनका दुपहिया वाहन व मोबाइल फोन लौटाया और सभी लोग वहां से भाग गए.
इस घटना के बाद पीडिता और उसका मित्र जैसे-तैसे इर्विन अस्पताल पहुंचे, जहां से रात 11.30 बजे के आसपास जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हुआ और पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन के तहत फ्रेजरपुरा के थानेदार रोशन सिरसाट, अपराध शाखा के प्रमुख संदीप चव्हाण, गाडगे नगर के थानेदार गोरखनाथ जाधव तथा राजापेठ के थानेदार पुनित कुलट के नेतृत्ववाले पथकों ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया और तकनीकी आधार पर जांच करते हुए 12 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया. जिन्होंने प्राथमिक पूछताछ में ही अपने अपराध की कबूली दी.
इस बेहद गंभीर स्वरुप वाले मामले में फ्रेजरपुरा पुलिस ने सामूहिक बलात्कार, लूटपाट, अपहरण व मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा निजी वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने जैसी विभिन्न धाराओं के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया. इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने कहा कि, यद्यपि उक्त युवती के साथ एक ही आरोपी द्वारा दुष्कर्म किया गया, लेकिन अन्य 4 आरोपियों ने उसे ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सहयोग भी किया. जिसके चलते इस मामले में सामूहिक दुराचार की धारा को जोडा गया. साथ ही साथ डीसीपी शिंदे ने यह भी बताया कि, इस मामले की बेहद गोपनीय एवं गंभीरता के साथ जांच की जा रही है. चूंकि यह मामला बेहद संवेदनशील है. जिसके चलते पीडिता की पहचान के साथ-साथ उसके मित्र युवक एवं आरोपियों के बारे में फिलहाल कोई भी जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया गया है.

Back to top button