पुलिस हेड कॉन्स्टेबल अमित खंडारे ने घर में लगाई फांसी
पत्नी और बच्चों के स्कूल जाने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

* आत्महत्या की वजह अज्ञात, जांच में जुटी पुलिस, परिसर में हडकंप
अमरावती/दि.12 – शहर के वडाली रोड स्थित गुरुकृपा कॉलोनी में पुलिस विभाग के एक कर्मचारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से पुलिस महकमे सहित पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन में पदस्थ पुलिस हेड कॉन्स्टेबल अमित उदयभान खंडारे (बकल नंबर 1367) ने अपने निवास पर फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया. आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित खंडारे का हाल ही में 19 जून 2026 को ट्रैफिक शाखा से स्थानांतरण होकर सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन में पदस्थापन हुआ था. इसके बाद 22 जून को उन्हें पुलिस मुख्यालय में आयोजित रिफ्रेशर कोर्स के लिए भेजा गया था.
जानकारी के मुताबिक, अमित खंडारे वडाली रोड स्थित गुरुकृपा कॉलोनी में अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते थे. परिवार में उनकी पत्नी शुभांगी खंडारे, जो पेशे से शिक्षिका हैं, तथा दो बच्चे शामिल हैं. वहीं मकान की निचली मंजिल पर उनका भाई अपने परिवार के साथ निवास करता है. बताया गया है कि बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे उनकी पत्नी बच्चों को लेकर स्कूल चली गई थीं. इसके कुछ समय बाद अमित खंडारे की मां किसी काम से पहली मंजिल पर पहुंचीं. वहां उन्होंने अमित को फंदे से लटका हुआ देखा. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है, हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है.
सहकर्मियों के अनुसार अमित खंडारे शांत स्वभाव के अधिकारी थे. फिलहाल पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





