रामनवमी पर निकली श्री लक्ष्मणदास बाबा राम मंदिर से शोभायात्रा
महिला भजन मंडल व दिंडियों का रहा सहभाग

* महाप्रसाद का भी आयोजन, हजारों भाविकों ने लिया लाभ
* श्री लक्ष्मणदास बाबा मंदिर मुंगलाईपुरा का आयोजन
परतवाडा/ दि.30 – मुगलाईपुरा स्थित श्री लक्ष्मणदास बाबा राम मंदिर में हर साल राम नवमी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है. इस दौरान विविध धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भव्य शोभायात्रा व महाप्रसाद का भी आयोजन किया जाता है. हर साल की तरह इस साल भी मंदिर संस्थान के उत्तराधिकारी तथा श्री 1008 श्री लक्ष्मणदास बाबा के मानसपुत्र श्री मोरेश्वर महाराज व विश्वस्त मंडल के मार्गदर्शन में राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था.
गुरूवार 19 मार्च से 26 मार्च तक संगीतमय श्री रामचरित मानस कथा का आयोजन श्री लक्ष्मणदास बाबा मंदिर संस्थान की शाखा पार्वती माता मंदिर शिरभाते नगर कांडली में किया गया. इस अवसर पर कथा प्रवक्ता श्री गुरूचरण रज हभप अरविंद महाराज कारिया शिरजगांव कस्बा ने अपनी सुमधुर वाणी में श्रीराम चरित मानस कथा का श्रवण रोजाना दोपहर 2 से 6 बजे तक कराया. गुरूवार 26 मार्च को प्रात: श्री लक्ष्मणदास बाबा मंदिर मुंगलाईपुरा में प्रभु श्रीराम का अभिषेक किया गया. दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव मनाया गया और दोपहर 12 बजे से पार्वती माता मंदिर में दोपहर 3 बजे तक महाप्रसाद का आयोजन किया गया था. जिसका हजारों भाविकों ने लाभ लिया.
श्री लक्ष्मणदास बाबा मंदिर संस्थान से दोपहर 4 बजे मंदिर संस्थान के उत्तराधिकारी श्री मोरेश्वर महाराज के सानिध्य व विश्वस्त मंडल के मार्गदर्शन में भव्य शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में स्थित पालखी में भगवान श्री राम की प्रतिमा स्थापित की गई. शोभायात्रा में महिला भजन मंडल व दिंडियों का समावेश रहा. शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जयघोष से परिसर गूंज उठा. शोभायात्रा का चौक चौराहों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया.
शोभायात्रा श्री राम मंदिर मुंगलाईपुरा से निकलकर पुलिस स्टेशन चौक, पटवारी कॉलोनी, कांडली स्थित गजानन महाराज मंदिर, पार्वती माता मंदिर, साईमंदिर, तिलक चौक, टीवी टॉवर चौक, दुरानी चौक, सदर बाजार, मिश्रा लाइन होते हुए वापस श्रीराम मंदिर मुगलाईपुरा पहुंची. जहां भगवान श्रीराम की आरती कर शोभायात्रा का समापन किया गया.





