अशोक खरात की पत्नी भी हो सकती है गिरफ्तार
अब खरात परिवार की बढी मुश्किलें

* जमीन खरीदी में धोखाधडी का मामला दर्ज
मुंबई/अहमदनगर /दि.31- चर्चित अशोक खरात मामले में जांच तेज हो गई है और अब इस प्रकरण में उनकी पत्नी की गिरफ्तारी की भी तैयारी की जा रही है. शिर्डी जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, इस मामले में अशोक खरात, उनकी पत्नी कल्पना खरात सहित कुल पांच लोगों पर धोखाधड़ी और सावकारकी (मनी लेंडिंग) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने इस प्रकरण में दो आरोपियों-अरविंद बावके और किरण सोनवणे को गिरफ्तार किया है. दोनों को राहाता न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
बता दें कि, मुख्य आरोपी अशोक खरात को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है. पुलिस अब उनकी पत्नी कल्पना खरात और अन्य आरोपी अशोक तांबे की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है. जांच एजेंसियों के अनुसार, शिर्डी क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की गई है. इस मामले में और भी लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई हो सकती है.
पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है, जिससे यह मामला और गंभीर होता जा रहा है. फिलहाल पुलिस हिरासत में पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और बड़ी कार्रवाई होने के संकेत मिल रहे हैं.
महिलाओं को गर्भवती होने से रोकने खरात देता था विशेष दवाएं
अशोक खरात मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. जांच एजेंसियां अब इस एंगल से भी जांच कर रही हैं कि क्या महिलाओं को गर्भधारण से रोकने के लिए विशेष प्रकार की दवाएं दी जाती थीं. सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुछ डॉक्टरों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है. बताया जा रहा है कि नाशिक के कुछ नामी चिकित्सक जांच एजेंसियों के रडार पर हैं और उनके संभावित संबंधों की पड़ताल की जा रही है.
जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिलाओं को गर्भधारण से बचाने के लिए विशेष गोलियां या दवाएं दी जाती थीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या महिलाओं को उनकी इच्छा के विरुद्ध नियंत्रण में रखने या प्रभावित करने के लिए किसी प्रकार की दवाओं का इस्तेमाल किया गया.
सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान कई और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं, जिससे मामला और गंभीर होता जा रहा है. इस प्रकरण में डॉक्टरों की संभावित संलिप्तता की खबरों से नाशिक के मेडिकल क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया है. हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.





