मोर्शी में शॉर्ट सर्किट से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

मोर्शी /दि.6– स्थानीय संभाजी नगर क्षेत्र में रहनेवाले एक 50 वर्षीय व्यक्ति की शॉर्ट सर्किट के कारण मौत होने की घटना शुक्रवार 3 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे सामने आई. मृतक का नाम मदन मेंढे (50) बताया गया है.
जानकारी के अनुसार मदन मेंढे का रामजीबाबा परिसर में इलेक्ट्रॉनिक्स का दुकान है. शुक्रवार को पारडी शेत शिवार स्थित अपने खेत में पानी की टंकी से नल के माध्यम से पानी नहीं आने की समस्या देखने के लिए गए थे. इसी दौरान पानी की टंकी के उपर से गुजर रही हाई पावर बिजली लाइन के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लगा और वे नीचे गिर पडे. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत उपजिला अस्पताल मोर्शी में भर्ती कराया, लेकिन वहां के वैद्यकीय अधिकारियों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया. बताया जा रहा है कि, शॉर्ट सर्किट के कारण यह आकस्मिक मौत हुई है. इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने विद्युत वितरण कंपनी से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है.

Back to top button