उर्दू एजुकेशन एसोसिएशन ने मनाया स्वतंत्रता दिवस
शिक्षा के साथ देश के प्रति जिम्मेदारी समझें - सैयद आसिफ हुसैन

* उर्दू बॉयज हाई स्कूल जूनियर कॉलेज के मैदान पर हुआ भव्य आयोजन
अमरावती /दि.15 – अमरावती स्थित उर्दू एजुकेशन एसोसिएशन द्वारा संचालित उर्दू बॉयज हाईस्कूल जूनियर कॉलेज के मैदान पर देश का 80 वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया. इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में संस्था के पदाधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के मुख्याध्यापकों, शिक्षकों तथा हजारों की संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई. समारोह के दौरान संस्था अध्यक्ष सैयद आसिफ हुसैन साहब ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए शिक्षा के साथ-साथ देश के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को एक बार फिर 80वें स्वतंत्रता दिवस की मुबारकबाद दी.
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के अध्यक्ष सैयद आसिफ हुसैन साहब के हाथों ध्वजारोहण के साथ हुई. ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया और उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए अपने संकल्प को दोहराया. संस्था अध्यक्ष सैयद आसिफ हुसैन साहब ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.
* प्रमुख पदाधिकारी एवं मुख्याध्यापक रहे उपस्थित
समारोह के मंच पर संस्था की प्रमुख हर्जन अमीना बेगम साहिबा तथा संस्था की सचिव अंजुम परवीन साहिब विशेष रूप से उपस्थित रहीं. इनके साथ गर्ल्स हाई स्कूल की मुख्य अध्यापिका डॉ. इशरत जबीन, बॉयज हाई स्कूल के मुख्य अध्यापक फिरोज खान, बडनेरा हाई स्कूल की मुख्य अध्यापिका अमरीन तबस्सुम, गर्ल्स प्राइमरी स्कूल के मुख्य अध्यापक साबिर खान, बॉयज प्राइमरी स्कूल के मुख्य अध्यापक अब्दुल सहित संस्था से जुड़े सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
* विद्यार्थियों में दिखा देशभक्ति का उत्साह
स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया. पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लिया. अंत में सैयद आसिफ हुसैन साहब ने सभी पदाधिकारियों, मुख्याध्यापकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की. समारोह में हजारों विद्यार्थियों की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को भव्य बना दिया.