जजेस के घरों पर चोरी, हाईकोर्ट का स्वयंभू एक्शन

वेद देशपांडे कोर्ट के मित्र नियुक्त

* कल ही नागपुर में अर्जंट सुनवाई होगी
अमरावती/ दि.7 – शहर के कांता नगर एरिया में न्यायाधीशों के बंगलों, निवास और न्याय कर्मचारियों के निवासस्थान पर गत फरवरी में हुई चोरी की बडी घटना का बंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने खुद होकर संज्ञान लिया और इस मामले में प्रसिध्द वकील वेद देशपांडे को न्यायालय का मित्र नियुक्त किया है. कल न्या. अनिल किलोर और न्या. राज वाकोडे इस प्रकरण में महत्वपूर्ण सुनवाई करनेवाले हैं. उपरोक्त खंडपीठ ने कल 8 अप्रैल को दोपहर 2.30 बजे का स्वयंभू जनहित याचिका पर सुनवाई का समय तय किया है.
हाईकोर्ट ने प्रसिध्द अंग्रेजी समाचार पत्र में 16 फरवरी को प्रकाशित समाचार का संज्ञान लिया. समाचार में अमरावती में 5 न्यायाधीशों और 4 न्याय कोर्ट कर्मचारियों के कांता नगर स्थित निवास स्थान ‘शहापुर’, ‘नल दमयंती’, ‘पैनगंगा’ भवनों में चोरी हो जाने का उल्लेख था. न्यायालय के कर्मचारियों के निवास सुवर्ण रेख और शरयु भवनों पर भी चोरों ने धडक दी थी.
न्या. किनोर और न्या. वाकोडे की खंडपीठ ने उक्त घटना को न्यायिक अधिकारियों और न्यायालय कर्मचारियों की सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना और खुद होकर खबर का संज्ञान लेने की बात कही. खंडपीठ ने वेद देशपांडे को अमायकस कुरी (न्यायालय का मित्र) नियुक्त करने की घोषणा की. उसी प्रकार संबंधित घटना के सभी कागजात वेद देशपांडे को देने के निर्देश दिए. ताकि वेद देशपांडे बंबई उच्च न्यायालय जनहित याचिका अधिनियम 2010 के अंतर्गत याचिका का अधिकृत खाका तैयार कर सके. कोर्ट में उसे दायर कर सके. कल ही इस मामले में सुनवाई रखी गई है. अमरावती की किसी घटना का उच्च न्यायालय द्बारा स्वयं संज्ञान लेने का यह कदाचित पहला अवसर हैं. कल कोर्ट की सुनवाई पर निगाहें लगी है.

Back to top button