हिट एंड रन : चार युवकों की मृत्यु के मामले में पुलिस के खाली हाथ

5 जगहों के फुटेज खंगाले, फिर भी नहीं लगा ट्रक का कोई सुराग

* सीसीटीवी में ट्रक कैद न होने से जांच हुई जटिल

अमरावती/दि.9– अकोला हाईवे पर सोमवार देर रात हुई भीषण सडक दुर्घटना में बडनेरा के चार युवकों की मौत के मामले में पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है. इस दुर्घटना को अंजाम देनेवाला संदिग्ध ट्रक हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं होने से जांच और अधिक जटिल हो गई है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास 5 अलग- अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कहीं भी ट्रक का स्पष्ट सुराग नहीं मिला. जिससे जांच में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है.
जानकारी के अनुसार बडनेरा के अलमास गेट और स्माइल नगर के 7 युवक सोमवार रात करीब 12 बजे एम.एच.-04/ जे.बी. -3369 नंबर की सिल्वर रंग की मारोती स्विप्ट कार से बेलोरा एयरपोर्ट के सामने स्थित चाय की दुकान पर जा रहे थे. इस दौरान अकोला टी-पाँइंट पर आरको गैरेज के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में मोहम्मद अनवेज अब्दुल सलीम (20), मोहम्मद तल्हा मोहम्मद अनीस (22), मोहम्मद अवेज मोहम्मद सईद (26 ) और अब्दुल अवेज मोहम्मद अकील (22) की जगह पर ही मौत हो गई. जबकि मोहम्मद हुजेफा मोहम्मद आरीफ, अनस अनीस खान और उजेफा मोहम्मद आरीफ गंभीर रूप से घायल हो गये. जिनका उपचार जारी है. पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

टोलनाकों के फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रक नांदगांव पेठ की ओर से आया था और अकोला दिशा में आगे बढ गया. इसके चलते बडनेरा पुलिस का डीबी पथक नांदगांवपेठ टोलनाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहा है. यदि वहां से भी कोई सुराग नहीं मिलता है तो जांच का दायरा बढाकर नागपुर और वरूड तक के टोलनाकों के फुटेज की भी जांच की जायेगी.

Back to top button