दो कारों की भीषण टक्कर में कॉन्स्टेबल के परिवार का भयावह अंत

शादी से लौटते समय पत्नी, दामाद, बहन और भांजे सहित 6 लोगों की मौत

रायपुर/दि.10 – छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में कॉन्स्टेबल मुनेंद्र नेताम के परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. कोतवाली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर से यह हादसा हुआ. मिली जानकारी के अनुसार, उडाकुडा निवासी नेताम परिवार गुरुवार रात करीब 11 बजे चिवरंज में एक शादी से लौट रहा था. नथिया नवगांव के पास उनकी गाड़ी की दूसरी गाड़ी से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
ट्रक को ओवरटेक करते समय भीषण टक्कर
मृतकों में मुनेंद्र नेताम की पत्नी कुंती नेताम, दामाद शगुंदास नेताम, बहन मक्तुला नेताम और 7 साल का भांजा वंश नेताम सहित दो अन्य रिश्तेदार शामिल हैं. हादसे में दोनों वाहनों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रायपुर में भर्ती कराया गया है. इस टक्कर में दोनों कारों को भारी नुकसान हुआ. दूसरी गाड़ी में सवार दो युवक घायल हो गए. मिली जानकारी के अनुसार, उनकी कार तेज रफ्तार में थी और ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर से टकरा गई.
रायपुर में 3 घायलों का इलाज जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. एसपी निखिल राखेचा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. दोनों वाहनों के तीन घायलों को रायपुर भेजा गया है. एसपी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर दो कारों की टक्कर में छह लोगों की मौत हुई और तीन लोग घायल हुए हैं. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. शवों का परीक्षण कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
खड़ी ट्रक से कार टकराने पर 7 लोगों की मौत
इस बीच, दो महीने पहले छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन सीआरपीएफ जवानों सहित सात लोगों की मौत हो गई थी. पहली घटना धमतरी जिले में हुई, जहां बस्तर में तैनात सैनिक छुट्टी पर घर लौट रहे थे. 14 फरवरी की सुबह, वे रायपुर एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी धमतरी बायपास पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी तेज रफ्तार कार टकरा गई. इस हादसे में तीन जवान और एक चालक की मौत हो गई.

Back to top button