कितनी देर खुली रहेगी दारु की दुकान, होटल!
पालकमंत्री ने दिये शेड्यूल बनाने के कडे निर्देश

* अपराधों पर नियंत्रण पर जताया संतोष
* गौरक्षा करने के भी आदेश, चार्ट अमल में लायें
अमरावती/दि.10 – जिले के पालकमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने अमरावती में शांति व सुव्यवस्था बनाये रखने के लिए शहर तथा ग्रामीण दोनों ही जगह दुकानें कितनी देर तक खुली रखी जाये, इसका टाइम टेबल बनाने और उसके कडाई से पालन करने के निर्देश आज दिये. पुलिस आयुक्तालय में कार्यक्रम दौरान संबोधन में चंद्रशेखर बावनकुले ने साफ कहा कि, रात बे रात सडकों पर बेवजह घुमने वाले समाज कंटकों पर कडा एक्शन लिया जाये. उसी प्रकार शराब की दुकान हो या होटल अथवा अन्य शॉप सभी के खुलने और बंद होने के टाइम टेबल का चार्ट बनाने के निर्देश उन्होंने दिये, ताकि अवाच्छित घटनाओं पर नियंत्रण कायम रहे.
चंद्रशेखर बावनकुले ने यह भी कहा कि, ड्रग्ज, सट्टा, जुआ सभी पर अंकुश लगाये रखना ही समाजहित में है. शहर की शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध धंधों का न होना ही बेहतर होता है. उन्होंने कहा कि, पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने आते ही अवैध धंधे बंद कराये, जो अब तक बंद ही है. यह बहुत अच्छी बात है.
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि, सडकों पर बेवजह घुमते लोगों पर भी कार्रवाई की जाये. उसी प्रकार गौरक्षा का महत्वपूर्ण विषय छेडते हुए पालकमंत्री ने कहा कि, पुलिस पर हप्ताखोरी के आरोप किये जाते हैं. बदनामी की जाती है. इसलिए पुलिस को गौरक्षा का काम तत्परता से करना होगा. गौरक्षकों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए अमरावती जिले में गौवंश की तस्करी पर अंकुश लगाने के साफ निर्देश पालकमंत्री ने दिये. उन्होंने कहा कि, सजग पत्रकार नाना प्रकार की खबरें प्रकाशित करते हैं. पुलिस को अपने कामकाज में तत्परता लाने इन खबरों पर भी ध्यान देकर उचित एक्शन लेना चाहिए. चंद्रशेखर बावनकुले ने शहर में टाइमिंग का चार्ट बनाने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर बार-बार जोर दिया.





