‘समझदारों को इशारा काफी है!’
पूर्व सांसद नवनीत राणा की पोस्ट से सियासी हलचल

* राज्यसभा टिकट न मिलने पर दुबारा नाराजगी के संकेत
* सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में, कयासों का दौर तेज
अमरावती/दि.13 – लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद भी विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवारों के लिए जोरदार प्रचार करने वाली पूर्व सांसद नवनीत राणा एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी सोशल मीडिया पोस्ट है, जिसे राजनीतिक हलकों में नाराजगी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, नवनीत राणा के समर्थकों को उम्मीद थी कि उन्हें राज्यसभा में भेजा जाएगा, लेकिन इस बार उन्हें अवसर नहीं मिला. इसके बाद से ही उनके नाराज होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी पर आरोप नहीं लगाया है, लेकिन उनकी हालिया पोस्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
अपनी ताजा सोशल मीडिया पोस्ट में नवनीत राणा ने लिखा कि, कहते हैं ना, आपको हम जैसे हजारों मिलेंगे, पर उन हजारों में हम नहीं मिलेंगे, ये कुछ ऐसे लोगों के लिए है, समझदारों को इशारा काफी है. उनकी इस टिप्पणी को भाजपा के अंदरूनी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है. यह पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है कि उनका इशारा आखिर किस ओर है.
उल्लेखनीय है कि, यह पहली बार नहीं है, जब पूर्व सांसद नवनीत राणा ने इस तरह के संकेत दिए हों. इससे पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने संघर्ष और आत्मविश्वास को लेकर भावनात्मक पोस्ट साझा की थीं. एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि संघर्ष करना मेरे लिए नई बात नहीं है, मैं किसी भी मोड़ से नई शुरुआत कर सकती हूं. वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने मेहनत और निष्ठा का संदेश देते हुए कहा था कि यदि व्यक्ति सफल नहीं होता, तो लोग साथ छोड़ देते हैं, इसलिए निरंतर प्रयास जरूरी है.
भाजपा नेत्री व पूर्व सांसद नवनीत राणा की इन पोस्ट्स को लेकर अब कयासों का बाजार गर्म है. पार्टी नेतृत्व के प्रति उनकी नाराजगी को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि उन्होंने अब तक खुलकर कोई बयान नहीं दिया है. फिलहाल, उनकी इस पोस्ट ने सियासी हलचल जरूर तेज कर दी है और आने वाले दिनों में उनके रुख पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.





