अश्लील वीडियो मामले पर उबला जनप्रतिनिधियों का गुस्सा

आरोपी मो. अयान व उसके साथियों को कडी सजा दिए जाने की मांग उठाई.

अमरावती/दि.15 – इस समय जुडवां शहर कहे जाते परतवाडा-अचलपुर में उजागर हुए सेक्स स्कैंडल को लेकर पूरे जिले में जबरदस्त हडकंप व हंगामा व्याप्त है. जहां पर अयान अहमद तनवीर अहमद नामक युवक के 6 से 7 युवतियों के साथ रहनेवाले बेहद आपत्तिजनक व अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए है. जिनमें अयान अहमद नामक युवक उन लडकियों के साथ उनकी इच्छा के खिलाफ जोर-जबरदस्ती करता दिखाई दे रहा है. साथ ही यह जानकारी भी सामने आई है कि, लडकियों की बदनामी करने के उद्देश्य से अयान अहमद द्वारा जान-बुझकर ऐसे आपत्तिजनक वीडियोज को वायरल किया गया. इस मामले के सामने आते ही जिले का समाजमन बुरी तरह से अचंभित व व्यथित हो गया. साथ ही अब इसे लेकर बेहद संतप्त प्रतिक्रियाएं ही सामने आ रही है. जिसके तहत जिले के सांसद बलवंत वानखडे, जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा, कद्दावर कांग्रेस नेत्री व पूर्व मंत्री एड. यशोमति ठाकुर तथा भाजपा नेत्री व पूर्व सांसद नवनीत राणा ने अपनी बेहद संतप्त प्रतिक्रिया दी है. जिसमें तीनों नेताओं ने इस मामले में लिप्त आरोपियों के खिलाफ कडी से कडी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाने के साथ-साथ आए दिन घटित एवं उजागर हो रहे ऐसे मामलों को लेकर चिंता भी जताई है.

* वायरल वीडियो मामले में होगी सख्त से सख्त कार्रवाई
राज्य के राजस्व मंत्री तथा जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद गंभीर घटना बताया और कहा कि, इस मामले में सघन जांच करने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी. मंत्री बावनकुले के मुताबिक अमरावती जिला ग्रामीण पुलिस के जरिए इस मामले की जानकारी मिलते ही सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को लेकर व्यक्तिगत तौर पर ध्यान देना शुरु किया है. साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस को मामले से जुडे तमाम सबूत भी सौंपे गए है. जिनके आधार पर परतवाडा पुलिस सहित अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा इस मामले में सघन जांच की जा रही है. साथ ही मंत्री बावनकुले ने यह भी कहा कि, यह बेहद गंभीर एवं संवेदनशील मामला है. जिसे ध्यान में रखते हुए सरकार एवं पुलिस प्रशासन द्वारा इस मामले में पूरी सावधानी व सतर्कता के साथ काम किया जा रहा है.


* बेहद गंभीर दिशा में जा रहा समाज, अंकुश जरुरी
जिले के सांसद बलवंत वानखडे ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि, ऐसी घटनाओं को जाति-धर्म व राजनीति से परे रहकर देखा जाना चाहिए. क्योंकि ऐसी घटनाओं का कभी भी किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई समर्थन नहीं किया जाएगा. सांसद वानखडे ने यह भी कहा कि, यद्यपि इस मामले में 100 से 150 युवतियों के पीडित रहने और लगभग 350 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने की बातें सामने आ रही है. परंतु पुलिस के मुताबिक इस समय तक 7 से 8 युवतियों के ही मामले सामने आए है. साथ ही पुलिस द्वारा अब तक 4 युवकों को हिरासत में लिया गया है और आरोपियों की संख्या बढ भी सकती है. सांसद वानखडे ने यह भी स्पष्ट किया कि, इस मामले में लिप्त मुख्य आरोपी अयान अहमद का कांग्रेस कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि वह एमआईएम का पदाधिकारी बताया जाता है. लेकिन इससे मामले की गंभीरता पर कोई फर्क नहीं पडता. ऐसे में इस मामले में लिप्त आरोपियों के खिलाफ त्वरीत कार्रवाई करते हुए उन्हें कडी से कडी सजा दी जानी चाहिए.

* मामले की जांच हेतु एसआईटी हो गठित
राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे द्वारा इस मामले को लेकर बेहद संतप्त प्रतिक्रिया देते हुए बताया गया कि, यह अपने-आप में बेहद संगीन व संवेदनशील घटना है. जिसकी निष्पक्ष तरीके से सघन जांच की जानी चाहिए. साथ ही सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने इस मामले की जांच हेतु विशेष जांच पथक यानि एसआईटी का गठन किए जाने की मांग भी उठाई. सांसद डॉ. बोंडे के मुताबिक हाल-फिलहाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं काफी अधिक बढ गई है. जिसके चलते समस्या के समाधान हेतु सामाजिक स्तर पर प्रयास किए जाने की जरुरत है.

* मामले के पीछे बहुत बडा रैकेट हो सकता है सक्रिय
बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, इस मामले के पीछे विकृत मानसिकता व घटिया सोच वाले लोगों का एक बहुत बडा रैकेट सक्रिय रहने की पूरी संभावना है. जिसके द्वारा मासूम एवं नाबालिग लडकियों को निशाना बनाते हुए उनके अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो बनाए जा रहे थे. यह अपने-आप में बेहद संगीन अपराध व संवेदनशील मामला है, जिसकी निष्पक्ष तरिके से जांच की जानी चाहिए. साथ ही साथ विधायक रवि राणा ने इस मामले के निषेध में आहुत परतवाडा बंद को अपना समर्थन देते हुए कहा कि, युवा स्वाभिमान पार्टी हमेशा से ही ऐसे मामलों के खिलाफ खडी रहती है और पार्टी द्वारा पुलिस प्रशासन से यह मांग की जा रही है कि, इस मामले में आरोपियों को बेहद कडाई के साथ दंडित करते हुए समाज के समक्ष बेहद कडा सबक व संदेश प्रस्तुत किया जाए, ताकि दुबारा इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति न हो.

* गृह मंत्रालय व पुलिस महकमा क्या कर रहे
कांग्रेस की तेज तर्रार महिला नेत्री व पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर ने जुडवां शहर सहित नाशिक में उजागर यौन शोषण के मामलों को लगभग एक समान बताते हुए कहा कि, ऐसे मामलों में लंबे समय तक महिलाओं व युवतियों का यौन शोषण चलता रहा, जिसकी पुलिस सहित गृह विभाग को कानोकान खबर तक नहीं हुई. साथ ही यह तथ्य भी उजागर हुआ कि, लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर कोई डर या धाक नहीं बचा है, यह सीधे-सीधे पुलिस एवं गृह विभाग की कार्यक्षमता पर सवालिया निशान है. ऐसे में मुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सूचना स्त्रोतों को बढाना चाहिए. साथ ही साथ पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर ने ऐसे मामलों का शिकार होनेवाली युवतियों व महिलाओं की वैचारिक क्षमता व मानसिकता पर भी सवाल उठाया तथा कहा कि, ऐसे मामलों में बडी आसानी के साथ यौन शोषण का शिकार होनेवाली महिलाओं व युवतियों द्वारा अपना दिमाग कहीं गिरवी रख दिया जाता है क्या, यह भी अपने-आप में एक बडा सवाल है.

* नो एफआईआर, नो सुनवाई, सीधे एनकाउंटर
भाजपा नेत्री एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा ने अपने बेहद तेज तर्रार तेवरों में जुडवां शहर के वीडियो वायरल कांड पर अपनी प्रतिकिया देते हुए कहा कि, ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सीधे योगी बाबा की यूपी पुलिस की तर्ज पर काम किया जाना चाहिए. जिसके तहत असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मुकदमे चलाने में समय व्यथित करने की बजाए सीधे एनकाउंटर की कार्रवाई की जानी चाहिए. इसके साथ ही पूर्व सांसद नवनीत राणा ने इस मामले में विपक्षी दलों द्वारा की जा रही राजनीति को जमकर आडे हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि, विपक्षी नेताओं द्वारा सेक्युलरिजम की आड लेते हुए समुदाय विशेष का तुष्टिकरण किया जा रहा है. जिसका खामियाजा हमेशा से ही बहुसंख्यक हिंदू समाज को उठाना पडता है. साथ ही पूर्व सांसद नवनीत राणा ने यह भी कहा कि, कुछ विशिष्ट मानसिकता के लोग भारत को अपना देश नहीं मानते है और यहां के समाज को भी अपना नहीं मानते है, ऐसे लोगों की नागरिकता को खत्म कर उन्हें तुरंत ही देश से बाहर निकाल दिया जाना चाहिए.

Back to top button