परतवाड़ा मामले में सरकार जवाब व न्याय दे
कांग्रेस की मनपा पार्षद डॉ. अर्चना आत्राम ने उठाई मांग

अमरावती/दि.16 – परतवाड़ा में सामने आए अश्लील वीडियो प्रकरण ने पूरे क्षेत्र में तीव्र आक्रोश पैदा कर दिया है. इस घटना को लेकर सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला बताया है. साथ ही, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. अमरावती महानगर पालिका में कांग्रेस की नगरसेविका व महिला एवं बालकल्याण समिति की सदस्य डॉ. अर्चना संजय आत्राम ने बयान जारी कर कहा कि यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था की विफलता का संकेत है. उन्होंने सरकार और प्रशासन से इस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.
महिला व बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. अर्चना आत्राम ने सवाल उठाए कि क्या इस मामले में किसी बड़े रैकेट की संभावना की जांच की जाएगी? क्या सभी आरोपियों को बेनकाब कर कड़ी सजा दी जाएगी या मामला दबाने का प्रयास होगा. डॉ. आत्राम ने स्पष्ट कहा कि अपराधी किसी भी धर्म, जाति या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसे केवल अपराधी के रूप में ही देखा जाना चाहिए और उसे बचाने का कोई भी प्रयास समाज के खिलाफ अपराध माना जाएगा.
इस बीच, स्थानीय नागरिकों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो जनाक्रोश सड़कों पर उतर सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. इस बात के मद्देनजर पार्षद डॉ. आत्राम ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि आज हालात ऐसे हैं कि छोटी बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने इस प्रकार के मामलों में त्वरित और निष्पक्ष न्याय की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने समाज से भी अपील की कि ऐसे गंभीर मुद्दों पर धर्म, जाति या राजनीति का रंग न देकर एकजुट होकर आवाज उठाई जाए. उन्होंने कहा कि, महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए, तो जनता का आक्रोश और अधिक तीव्र हो सकता है.





