गैस की बढती किमतों से परेशान ऑटो चालकों ने जिलाधीश से लगाई गुहार
गैसपंप संचालको की मनमानी को रोकने का किया अनुरोध

अमरावती/ दि.17- शहर के ऑटोरिक्शा चालक-मालिकों ने गैस की बढ़ती कीमतों और कथित अनियमितताओं के विरोध में जिलाधिकारी आशीष येरेकर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. वडाली और चपराशीपुरा क्षेत्र के ऑटो चालकों ने आरोप लगाया है कि गैस पंप संचालकों द्वारा मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है.
चालकों के अनुसार, पहले शहर में गैस 58 रुपये प्रति किलो की दर से मिलती थी, लेकिन पिछले एक महीने से कुछ गैस पंपों पर यह कीमत 120 से 125 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. इससे ऑटो चालकों की रोजी-रोटी पर गंभीर असर पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि अमरावती से बडनेरा का किराया मात्र 30 रुपये प्रति यात्री और शहर में 20 रुपये प्रति सवारी है, जबकि गैस की बढ़ती कीमतों के कारण आय और खर्च का संतुलन बिगड़ गया है. कई चालकों के सामने परिवार चलाना मुश्किल हो गया है. ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ पेट्रोल-गैस पंप संचालक संगठित होकर अवैध रूप से अधिक दर वसूल रहे हैं और गैस आपूर्ति में भी गड़बड़ी कर रहे हैं. पूरा पैसा देने के बावजूद कम गैस मिलने की शिकायतें भी सामने आई हैं. ऑटो चालकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन गैस पंपों की जांच कर मनमानी दरों और अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा उचित दर पर गैस उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके. ज्ञापन सौंपनेवालों में संजय रामेश्वर चव्हाण, राजू देवीदास निचल, राहुल शेंडे, नरेंद्र पुंडकर, पवन पाटिल, सचिन श्रीरामे, गणेश इंगले, धनराज सोलंके, प्रमोद सहारे, गजानन खेडकर, रमेश खेडकर, सुरेश डाहाके, सुरेश पलसपगार, कैलास वाकोडे, अतुल माहुलकर, इसुफभाई पठान, मजहर भाई, प्रदीप तायवाडे, दिपक राउत, संजय हारगुले,शरद रंगारी, भगवान बेठीवाल, चंद्रशेखर तांबे, गजेंद्र स्वर्गे, रमेश तलमले, अनिल भेंडारकर का समावेश था.





