सीएम ने की परतवाडा यौन शोषण प्रकरण जांच की समीक्षा

खरात प्रकरण में मजबूत सबूत इकट्ठा करें

* मुख्यमंत्री फडणवीस के पुलिस को निर्देश
* धर्मांतरण मामले की भी समीक्षा
मुंबई /दि.18- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को परतवाडा के सनसनीखेज अश्लील वीडियो प्रकरण, यौन शोषण मामले की तहकीकात की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने गृह विभाग का भी दायित्व होने से प्रदेश के चर्चित प्रकरणों में जांच कहां तक आगे बढी है और आगे के निर्देश पुलिस व जांच टीम को दिये. परतवाडा मामले के पीड़ितों की काउंसलिंग करके उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाए. उन्हें विश्वास दिया जाए. इस मामले में संबंधित समाजसेवकों की मदद ली जाए, ऐसा उन्होंने निर्देश देते हुए कहा. सीएम ने पुलिस को भोंदू अशोक खरात प्रकरण में मजबूत सबूत इकट्ठा करने के निर्देश दिए. इस मामले में कोई भी दोषी हो, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए. इसके लिए इस प्रकरण में ठोस सबूत जुटाए जाएं. जांच में अपराध सिद्ध करना ही सबसे महत्वपूर्ण तत्व होना चाहिए, ऐसा उन्होंने कहा. इस दौरान उन्होंने नाशिक धर्मांतरण मामले की भी विस्तृत समीक्षा की.
राज्य के मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को गृह विभाग की आपात बैठक ली. इसमें उन्होंने नाशिक के भोंदू अशोक खरात और आईटी धर्मांतरण मामले के साथ परतवाडा और गोरेगांव ड्रग्स प्रकरण की जांच की समीक्षा की. इस बैठक में पुलिस महानिदेशक, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, एसआईटी प्रमुख और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिए कि आरोपी कौन है यह देखे बिना संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ऐसा सूत्रों का दावा है.
* जांच में अपराध सिद्ध करना ही सबसे महत्वपूर्ण तत्व
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अशोक खरात मामले में पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि इस मामले की पीड़ित महिलाओं को पूरा विश्वास दिया जाए. इस प्रकरण में कोई भी दोषी हो, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए. अदालत में केस मजबूत कैसे होगा, यह सुनिश्चित करने के लिए ठोस सबूत खोजे जाएं. जांच में अपराध सिद्ध करना ही एकमात्र महत्वपूर्ण तत्व होना चाहिए.
* नाशिक धर्मांतरण मामले की गंभीरता से ली समीक्षा
मुख्यमंत्री ने इस दौरान नाशिक की आईटी कंपनी में धर्मांतरण की घटना की गंभीरता से समीक्षा की. राज्य में धर्मांतरण जैसे मामलों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नाशिक पुलिस ने स्वयं इस मामले को उजागर किया, इसके लिए उनका अभिनंदन. लेकिन अब उतनी ही मजबूत जांच भी होनी चाहिए. इस मामले के सभी पैटर्न की जांच की जाए. कोई भी एंगल जांच से छूटना नहीं चाहिए, ऐसा उन्होंने कहा.
* गोरेगांव ड्रग्स और परतवाडा मामले पर भी टिप्पणी
देवेंद्र फडणवीस ने इस दौरान गोरेगांव ड्रग्स मामले और परतवाडा मामले पर भी टिप्पणी करते हुए पुलिस को संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. पुलिस को ड्रग्स के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू करनी चाहिए. यह युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है, इसलिए ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए.

Back to top button