महंगे मोबाइल और लड़कियों पर खर्च करने का शौक!
मां के गहने बेचकर अयान अहमद करता था खर्च

* थार कार मालिक का भी बड़ा खुलासा
अमरावती/दि.21 – परतवाड़ा में यौन शोषण, वीडियो वायरल और ब्लैकमेलिंग मामले में मुख्य आरोपी अयान अहमद को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. जानकारी के अनुसार, अयान ने अपनी ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए अपनी ही मां का मंगलसूत्र और सोने का हार चोरी कर बेच दिया था. उसके सोशल मीडिया रील्स में जो नोटों के बंडल दिखाई देते थे, वे दरअसल मां के गहने बेचकर मिले पैसों से थे. अयान को महंगे होटलों में जाना, लड़कियों पर पैसे खर्च करना और महंगे मोबाइल इस्तेमाल करना पसंद था. इन शौकों को पूरा करने के लिए उसने अपनी मां के गहने चोरी कर बेच दिए थे. इस जानकारी के सामने आते ही परतवाड़ा में युवतियों के यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में आरोपी अयान का असली चेहरा सामने आया है.
जानकारी के अनुसार, उसने पैसों के लिए अपनी मां का मंगलसूत्र और सोने का हार चोरी कर बेच दिया. उसकी रील्स में दिखाई देने वाले नोटों के बंडल भी इसी पैसे से जुड़े थे. महंगे होटल, लड़कियों पर खर्च और महंगे मोबाइल का शौक उसे कर्ज में ले गया, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया.
* थार कार और चार आईफोन वाला वीडियो वायरल, सच्चाई आई सामने
इसके साथ ही परतवाड़ा मामले में आरोपी अयान अहमद का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह थार कार में बैठा नजर आ रहा था और उसके पास चार आईफोन दिखाई दे रहे थे. इस वीडियो के वायरल होने के बाद यह सवाल उठा कि कार किसकी है और इसके पीछे क्या सच्चाई है. जांच में सामने आया कि जिस काले रंग की थार कार क्रमांक एमएच-27/डीएल-3111 में अयान वीडियो बना रहा था, वह थार कार दरअसल परतवाड़ा के राजेश रोशनलाल प्रजापती की है. उनका ‘संजय ऑटो पार्ट्स’ नाम से दुकान है. राजेश प्रजापती के बेटे आर्यन प्रजापती के अनुसार, उसकी अयान से पहचान ओएलएक्स के जरिए हुई थी. अयान ने खुद को रील क्रिएटर बताते हुए गाड़ी के साथ वीडियो बनाने की अनुमति मांगी थी, जिस पर आर्यन ने सहमति दे दी.
* वीडियो में दिख रही बंदूक असली नहीं
आर्यन प्रजापती ने यह भी बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाली बंदूक असली नहीं थी, बल्कि खेतों में जानवरों को भगाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एयर गन थी. जो उनकी थार कार में ही रखी हुई थी. जिसका रील बनाते समय अयान ने प्रयोग किया था. ज्ञात रहे कि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने राजेश और आर्यन प्रजापती को पूछताछ के लिए बुलाया और उनके बयान दर्ज किए. जिसके बाद यह पूरी जानकारी सामने आई.
* क्या है मामला?
बता दें कि, अमरावती जिले के परतवाडा में रहनेवाले 19 वर्षीय युवक अयान अहमद को बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियों के कथित शोषण और उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस मामले ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पर कई नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर उनके सैकड़ों आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि वास्तविक संख्या की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लड़कियों से संपर्क करता था. वह पहले दोस्ती करता, फिर उन्हें अपने प्रभाव में लेकर शोषण करता और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था. सूत्रों के अनुसार, आरोपी और उसके एक साथी के बीच विवाद के बाद यह मामला उजागर हुआ. इसके बाद कुछ वीडियो सामने आए, जिससे पुलिस तक पूरी घटना की जानकारी पहुंची और कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराएं शामिल हैं. आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता. साइबर सेल की मदद से डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक वीडियो या सामग्री को शेयर न करें और यदि ऐसी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.





